खदान-क्रेशर के भारी वाहनों से बढ़ी सड़क की दुर्दशा, बारिश में आवागमन बना जोखिमभरा
सरगांव। राष्ट्रीय राजमार्ग-130 मनियारी से ग्राम धमनी तक जाने वाला प्रमुख पहुंच मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग केवल धमनी ही नहीं, बल्कि आसपास के करीब 20 गांवों के ग्रामीणों के लिए आवागमन का प्रमुख जरिया है।
ग्रामीणों के अनुसार धमनी पहुंच मार्ग से धमनी, ककेड़ी, लोहदा, रमतला, पकरिया, चंदली, बदरा सहित करीब 20 गांव जुड़े हुए हैं। इसके अलावा क्षेत्र में संचालित पत्थर खदानों, गिट्टी क्रेशरों, चूना फैक्ट्री और एफसीआई गोदाम के कारण इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही भी लगातार बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों के लगातार आवागमन और क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों के कारण सड़क पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है, जिससे सड़क की स्थिति लगातार खराब होती गई। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई दिखाई नहीं देती, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
जनसुनवाई में उठी थी सड़क निर्माण की मांग
ग्राम धमनी में 10 जुलाई को आयोजित पर्यावरणीय जनसुनवाई में भी सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया गया था। धमनी के उपसरपंच एजाज अली ने जनसुनवाई में ग्रामीणों की ओर से सड़क निर्माण और सुधार की मांग प्रशासन के समक्ष रखी थी। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि जनसुनवाई के बाद मार्ग की स्थिति में सुधार होगा, लेकिन अब तक आवश्यक मरम्मत नहीं होने से समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग का स्थल निरीक्षण कर तत्काल गड्ढों की मरम्मत कराने, भारी वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित करने तथा क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए सड़क का स्थायी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 20 गांवों की निर्भरता वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग की अनदेखी से आम लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है।




