Headlines

बिजली दरों के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल, चंद्रखुरी सब-स्टेशन का किया घेराव

स्मार्ट मीटर वापस लेने और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना फिर शुरू करने की मांग, मांगें नहीं मानी तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

सरगांव। जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान एवं मंडल कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में गुरुवार, 03 सितंबर 2026 को चंद्रखुरी विद्युत सब-स्टेशन का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में बढ़ी हुई बिजली दरों, स्मार्ट मीटर लगाए जाने तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को बंद किए जाने के विरोध में जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली की बढ़ती दरों से आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। कांग्रेस ने सरकार से बढ़ी हुई बिजली दरों को तत्काल वापस लेने, स्मार्ट मीटर योजना को बंद करने तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः लागू करने की मांग की।

कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि बिजली आम आदमी की मूलभूत जरूरत है और इसकी कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की समस्याओं को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी। सरकार को जनहित में बिजली की बढ़ी हुई दरों को वापस लेकर राहत देनी चाहिए।

कार्यक्रम प्रभारी एजाज अहमद ने कहा कि बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर आम जनता में काफी नाराजगी है। कांग्रेस का यह आंदोलन जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही कांग्रेस की प्रमुख मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक एवं जोरदार किया जाएगा।

पार्षद कृष्णा साहू ने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिल से आम उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ रही है। कांग्रेस सरकार के समय 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना से लोगों को राहत मिलती थी, इसलिए इस योजना को पुनः शुरू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

  • बिजली के बढ़े हुए दाम तत्काल वापस लिए जाएं।
  • स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया वापस ली जाए।
  • 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः शुरू की जाए।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द निराकरण नहीं किया गया तो आगामी दिनों में इससे भी बड़े स्तर पर आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला, कार्यक्रम प्रभारी एजाज अहमद, पुष्पा शिव घृतलहरे, सह प्रभारी रामखिलावन साहू, पार्षद कृष्णा साहू, राकेश साहू, परविंदर खालसा, मंडल अध्यक्ष टीकाराम यादव, पूर्व अध्यक्ष इंदिरा साहू, ज्योतिष घृतलहरे, इस्माइल मेमन, मुकेश साहू, जागेश्वर, जयराम, पीतांबर, हेमंत, मनीष, लाला, विक्की सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *