Headlines

सरगांव की बड़ी मांग पूरी, ट्रॉमा सेंटर की घोषणा पर विधायक कौशिक का जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा का स्वागत, भाजपा कार्यकर्ताओं, नगर पंचायत अध्यक्ष व जनप्रतिनिधियों ने विधायक से भेंट कर दी बधाई

सरगांव। सरगांव क्षेत्र के लिए लंबे समय से चली आ रही एक महत्वपूर्ण मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सरगांव क्षेत्र के आगमन के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरगांव के उन्नयन कर ट्रॉमा सेंटर बनाए जाने की घोषणा की गई। घोषणा के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ताओं, नगर पंचायत अध्यक्ष व जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और इस महत्वपूर्ण मांग को शासन के समक्ष लगातार उठाने के लिए उनका आभार जताया।

क्षेत्रवासियों की लंबे समय से मांग थी कि सरगांव में गंभीर मरीजों एवं सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में तत्काल उपचार की सुविधा उपलब्ध हो। विधायक धरमलाल कौशिक द्वारा इस मांग को लगातार शासन के समक्ष रखा जाता रहा। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद जनप्रतिनिधियों ने विधायक कौशिक के प्रयासों को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि सरगांव क्षेत्र में बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। ट्रॉमा सेंटर की सुविधा मिलने से गंभीर मरीजों और दुर्घटना के मामलों में तत्काल उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण घोषणा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष पोषण यादव ने कहा कि सरगांव में ट्रॉमा सेंटर की घोषणा पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि विधायक धरमलाल कौशिक द्वारा इस मांग को लगातार शासन के समक्ष उठाया गया, जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्र को यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा मिलने जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं विधायक कौशिक के प्रति आभार जताया।

नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर की सौगात सरगांव नगर के साथ आसपास के गांवों के लोगों के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होगी। गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिलने से उन्हें दूर के अस्पतालों तक ले जाने में होने वाली परेशानी कम होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण मांग को पूरा कराने में विधायक धरमलाल कौशिक की भूमिका सराहनीय रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं विधायक कौशिक के प्रति क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।

घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने विधायक धरमलाल कौशिक से भेंट कर उन्हें पुष्पगुच्छ देकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर की सुविधा से सरगांव सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को काफी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर, मंडल अध्यक्ष पोषण यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू, मनजीत सिंह हूरा, रामकुमार कौशिक, दिनेश जायसवाल, जिला पंचायत सभापति अंबालिका साहू, गोपाल जुनेजा, सुंदर साहू, तरुण अग्रवाल, महेश साहू, सविता कौशिक, जमुना पांडे, सुषमा पोषण यादव, लक्ष्मण साहू, दुकलहा साहू, नंदिनी साहू, शबाना जबीन सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *