Headlines

गांधी जयंती पर स्वच्छता का संकल्प, स्वच्छता कर्मियों एवं दीदियों का हुआ सम्मान

नगर पंचायत सरगांव के अटल परिसर में चला स्वच्छता अभियान, अध्यक्ष परमानंद साहू ने नागरिकों से स्वच्छता को जीवन का संस्कार बनाने की अपील की

सरगांव। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत सरगांव द्वारा अटल परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, नगर पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ सरगांव बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी सोच, आदत और संस्कार का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। गांधीजी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता प्रहरी बनकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

उन्होंने नगरवासियों से घरों एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कचरा निर्धारित कचरा संग्रहण वाहन को ही देने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत अकेले सरगांव को स्वच्छ नहीं बना सकती, जब तक प्रत्येक नागरिक स्वच्छता का प्रहरी बनकर अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाएगा। स्वच्छता के प्रति सामूहिक सहभागिता ही स्वच्छ एवं सुंदर नगर की आधारशिला है।

स्वच्छता के सिपाहियों का सम्मान, सेवाभाव को किया नमन

इस अवसर पर नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में निरंतर योगदान देने वाली स्वच्छता दीदियों, सफाई कर्मियों एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय हेल्प फाउंडेशन के सदस्यों का सम्मान किया गया। जनप्रतिनिधियों ने उनके सेवाभाव, समर्पण एवं निरंतर मेहनत की सराहना करते हुए नगर को स्वच्छ रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी घनश्याम शर्मा, पार्षद मनोज यादव, श्रीमती जमुना पाड़े एवं श्रीमती सविता कौशिक, एल्डरमैन पंकज वर्मा एवं राजकुमार साहू, कमलेश अग्रवाल, निखिल कौशिक, अमन वर्मा सहित नगर पंचायत परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने “स्वच्छ सरगांव–स्वस्थ सरगांव–सुंदर सरगांव” का संकल्प लेते हुए स्वच्छता को दैनिक जीवन का संस्कार बनाने तथा नगर को स्वच्छ एवं सुंदर रखने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *