तिमाही परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया गया पुरस्कृत, बच्चों की शैक्षणिक प्रगति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर हुई चर्चा
सरगांव। शासकीय प्राथमिक शाला पूछेली, विकासखंड पथरिया, जिला मुंगेली में 1 अक्टूबर 2026 को शिक्षक-पालक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पालकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति के बीच विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा की गई तथा तिमाही परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षक-पालक समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, समस्त सदस्य एवं सभी कक्षाओं के पालक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विद्यार्थियों की तिमाही परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं पालकों को दिखाकर उनके प्रदर्शन पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल देकर प्रोत्साहित किया गया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खुशी और उत्साह से खिल उठे।

बैठक में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, स्वच्छता, खेलकूद, दैनिक गतिविधियों, गृहकार्य, इकाई मूल्यांकन तथा विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी पालकों के साथ साझा की गई। साथ ही विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए पालकों से सुझाव भी आमंत्रित किए गए।
विद्यालय और पालकों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
शिक्षक-पालक बैठक का मुख्य उद्देश्य बच्चों की शिक्षा में पालकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा विद्यालय और परिवार के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना रहा। पालकों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि, अनुशासन और सामाजिकता का विकास होता है। साथ ही विद्यालय एवं समाज के बीच मजबूत संबंध स्थापित होते हैं।

कार्यक्रम के आयोजन से ग्राम पूछेली में उत्साह का माहौल रहा। पालकों एवं विद्यार्थियों ने भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर किए जाने की इच्छा व्यक्त की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था प्रमुख एवं प्रधान पाठक श्रीमती रंजना पंकज सिंह, श्री राजेंद्र प्रसाद सूर्यवंशी, श्री यशवंत कुमार साहू, श्री परमेश्वर नेताम, शिक्षक-पालक समिति के अध्यक्ष श्री रज्जू राम ध्रुव, उपाध्यक्ष श्रीमती मीरा लहरे सहित समिति के सदस्यों एवं समस्त पालकों का विशेष योगदान रहा।




