ऑपरेशन बाज के तहत घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा, 48 हजार रुपये की शराब और मोटरसाइकिल जब्त; न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
सरगांव। अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए मुंगेली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत सरगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कच्ची महुआ शराब की तस्करी करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 187 पॉलिथीन पन्नियों में भरी कुल 56.100 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित कच्ची महुआ शराब तथा तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 48 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) में कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुंगेली जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में असामाजिक तत्वों तथा अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी पथरिया हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में सरगांव पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
इसी दौरान 8 अक्टूबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति कच्ची महुआ शराब लेकर ग्राम मचहा से सरगांव की ओर जा रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम ने गवाहों के साथ ग्राम बावली स्कूल के पास मर्राकोना रोड पर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
187 पन्नियों में मिली 56.100 लीटर शराब
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम परषोत्तम जांगड़े, पिता शेरदास जांगड़े, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम मचहा, थाना सरगांव, जिला मुंगेली बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे में रखी सफेद प्लास्टिक बोरी से 187 पॉलिथीन पन्नियां बरामद हुईं। प्रत्येक पन्नी में 300 मिलीलीटर हाथ भट्ठी से निर्मित कच्ची महुआ शराब भरी हुई थी। इस तरह शराब की कुल मात्रा 56 लीटर 100 मिलीलीटर पाई गई, जिसकी कीमत 8 हजार रुपये आंकी गई।
पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा कंपनी की मोटरसाइकिल क्रमांक CG-28 K-5127, जिसकी कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है, को भी जब्त कर लिया। इस प्रकार शराब और मोटरसाइकिल सहित कुल 48 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई।

अपराध दर्ज कर आरोपी को भेजा जेल
सरगांव पुलिस ने आरोपी परषोत्तम जांगड़े के विरुद्ध थाना सरगांव में अपराध क्रमांक 150/2026, धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में साइबर सेल मुंगेली के प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येंद्र पुरी गोस्वामी, प्रधान आरक्षक यशवंत डाहिरे, रवि जांगड़े, नोखेलाल कुर्रे एवं नरेश यादव तथा थाना सरगांव के प्रधान आरक्षक अशोक कौशिक, आरक्षक विश्वनाथ राजपूत सहित आरक्षक राहुल यादव, राकेश बंजारे, अतुल ठाकुर, रामकिशोर कश्यप, हेमसिंह, भेषज पाण्डेकर, परमेश्वर एवं राहुल कांत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन बाज के तहत अवैध शराब की बिक्री और तस्करी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




