Headlines

धमनी-मनियारी सड़क की बदहाली का मुद्दा उठा, जनप्रतिनिधियों ने विधायक कौशिक से की चर्चा

20 गांवों की आवाजाही से जुड़ा है मार्ग, गड्ढों और भारी वाहनों से ग्रामीण परेशान

सरगांव। मनियारी से धमनी तक पहुंच मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर क्षेत्र के ग्रामीण जनप्रतिनिधियों ने समस्या को गंभीरता से उठाया है। सड़क की जर्जर स्थिति, जगह-जगह बने गड्ढों और भारी वाहनों के लगातार आवागमन से ग्रामीणों को हो रही परेशानी को लेकर सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक से मुलाकात कर सड़क की समस्या पर चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल में उमरिया सरपंच मोहर दास, धमनी सरपंच प्रतिनिधि राज कौशिक, रामबोड़ सरपंच सुरेश कुमार, चरण दास बंजारे, पकरिया सरपंच, मोहदी सरपंच प्रतिनिधि देव प्रसाद, ककेड़ी सरपंच प्रतिनिधि अमर सिंह ध्रुव, कामता पटेल, छेदू साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक कौशिक को बताया कि मनियारी से धमनी तक का यह मार्ग क्षेत्र के करीब 20 गांवों के लिए प्रमुख आवागमन मार्ग है। मार्ग पर पत्थर खदान, गिट्टी क्रेशर, चूना फैक्ट्री और एफसीआई गोदाम सहित अन्य गतिविधियों के कारण भारी वाहनों की लगातार आवाजाही होती है। इससे सड़क की स्थिति लगातार खराब होती गई है।

वर्तमान में बारिश के कारण सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में दोपहिया एवं अन्य वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की तत्काल मरम्मत के साथ ही भविष्य के लिए इसका स्थायी समाधान आवश्यक है।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से सड़क की स्थिति को देखते हुए संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल करने तथा मार्ग के सुधार की दिशा में कार्रवाई कराने का आग्रह किया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह सड़क केवल एक गांव को नहीं, बल्कि आसपास के करीब 20 गांवों को जोड़ती है, इसलिए इसके सुधार से बड़ी संख्या में ग्रामीणों को राहत मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि 10 जुलाई को ग्राम धमनी में आयोजित पर्यावरणीय जनसुनवाई में भी सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया गया था। जनसुनवाई में धमनी के उपसरपंच एजाज अली ने सड़क निर्माण की मांग प्रशासन के समक्ष रखी थी। इसके बाद अब जनप्रतिनिधियों द्वारा विधायक के समक्ष भी समस्या रखे जाने से सड़क सुधार को लेकर ग्रामीणों की मांग एक बार फिर सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *