सांवा में सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ, विधायक ने 10 लाख की सीसी रोड की घोषणा
आवास, श्रम कार्ड, पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ
सरगांव। सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड पथरिया के ग्राम सांवा में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक धरमलाल कौशिक सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, जनपद पंचायत पथरिया अध्यक्ष चित्तरेखा मनीष जांगड़े, उपाध्यक्ष दीपिका चंद्रशेखर कौशिक, जिला पंचायत सदस्य अंबालिका साहू, सभापति अनिला देवेंद्र राजपूत, जनपद सभापति मनीष साहू, रिजवान हक, नगर पंचायत सरगांव अध्यक्ष परमानंद साहू, मण्डल अध्यक्ष सरगांव पोषण यादव,रिंकू सिंह ठाकुर, जमुना पांडे, शबाना जबीन, अनिल राजपूत, गणेश वर्मा, शंकर राजपूत, रामेश्वर क्षत्रिय, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : कौशिक
विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। शासन की मंशा है कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, गैस कनेक्शन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही को मिलना चाहिए। सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण करने के साथ उन्हें आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

विधायक ने कहा कि शिविर के माध्यम से राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, नामांतरण, पेंशन सहित विभिन्न सेवाओं का लाभ ग्रामीणों को मिल रहा है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
सांवा में सीसी रोड के लिए 10 लाख की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान विधायक धरमलाल कौशिक ने ग्राम सांवा में सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार शासन की प्राथमिकता है। सीसी रोड निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और गांव के विकास को गति मिलेगी।

विभागीय स्टॉलों का किया अवलोकन
विधायक कौशिक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली और ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता एवं लाभ लेने की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी देने के निर्देश दिए।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान दुर्गेश्वरी एवं सरिता राजपूत का गोदभराई कार्यक्रम संपन्न कराया गया। वहीं दिव्या एवं ललित साहू का अन्नप्राशन कराया गया। इसके साथ ही सुपोषण टोकरी का वितरण कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
11 हितग्राहियों को आवास की चाबी, 5 को श्रम पंजीयन कार्ड
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ दिया गया। श्रम कल्याण विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को श्रम पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 11 हितग्राहियों को आवास की चाबी प्रदान की गई।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का लाभ दिया गया। हितग्राहियों को फलदार पौधों का वितरण भी किया गया। नोनी सुरक्षा योजना के तहत 5 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
महिला स्व-सहायता समूह को चेक प्रदान कर समूह की गतिविधियों को प्रोत्साहित किया गया। मछली पालन विभाग द्वारा हितग्राहियों को मत्स्य जाल एवं एक आइस बॉक्स प्रदान किया गया। इससे मत्स्य पालन से जुड़े हितग्राहियों को अपनी आजीविका गतिविधियों को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

समाज कल्याण विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों को छड़ी, श्रवण यंत्र एवं पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी भी दी।

सेवा सेतु शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिला। शिविर ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव के पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के स्थानीय स्तर पर निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




