तीन दशकों से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को संजो रही सेवा समिति, महोत्सव के आयोजन को मिलेगी मजबूती
सरगांव। श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप मदकू में आयोजित आंगन मिलन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा मदकू महोत्सव के आयोजन के लिए 15 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा किए जाने पर श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप सेवा समिति ने प्रसन्नता व्यक्त की है। इस घोषणा के बाद समिति के पदाधिकारियों ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक के परसदा स्थित निवास पहुंचकर उनका आभार जताया।
उल्लेखनीय है कि श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप सेवा समिति मदकू विगत तीन दशकों से मदकू महोत्सव सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन करती आ रही है। महोत्सव की निरंतरता बनाए रखने, आयोजन को सुव्यवस्थित करने तथा क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से समिति ने विधायक धरमलाल कौशिक के माध्यम से मुख्यमंत्री से प्रतिवर्ष 15 लाख रुपये की अनुदान राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। समिति की इस मांग के संबंध में मुख्यमंत्री द्वारा अनुदान राशि देने की घोषणा की गई।

समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अनुदान राशि से मदकू महोत्सव के आयोजन को सहयोग मिलेगा। साथ ही क्षेत्र की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और लोककलाओं को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी। समिति ने अपनी मांग को शासन तक पहुंचाने में भूमिका निभाने के लिए विधायक धरमलाल कौशिक का भी आभार जताया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष जीवन लाल कौशिक, उपाध्यक्ष राममनोहर दुबे, सचिव भगवती प्रसाद मिश्र, कोषाध्यक्ष मनीष अग्रवाल सहित अनिल वर्मा, मनीष साहू, प्रमोद दुबे, कमलेश अग्रवाल, नेतराम सोनवानी, दयाराम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




