रायपुर। दंतेवाड़ा एसपी कार्यालय में पदस्थ महिला डीएसपी कल्पना वर्मा को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया है। होटल कारोबारी से कथित वित्तीय लेन–देन और उससे जुड़े वीडियो सामने आने के बाद गृह विभाग ने यह कार्रवाई की है।
सूत्रों के अनुसार, प्रकरण की प्रारंभिक विभागीय जांच में वित्तीय लेन–देन, जांच में दिए गए कथनों और व्हाट्सएप चैट के तथ्यों में विरोधाभास पाए गए। जांच प्रतिवेदन में ड्यूटी के दौरान अवैध आर्थिक लाभ लेने, पद के दुरुपयोग और अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने जैसी गंभीर बातें प्रतिवेदित की गईं, जिन्हें छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-3 के खिलाफ माना गया है।

इसी आधार पर गृह (पुलिस) विभाग, छत्तीसगढ़ ने आदेश जारी कर डीएसपी कल्पना वर्मा को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम-9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर, अटल नगर निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
यह मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति है। फिलहाल पूरे प्रकरण की आगे की विभागीय जांच जारी है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।


