Headlines

सड़क सुरक्षा माह 2026: मुंगेली के डॉ. मनीष बंजारा बने मानवता की मिसाल, सीएम-परिवहन मंत्री ने राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा

मुंगेली। सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान बचाने वाले उल्लेखनीय योगदान के लिए मुंगेली जिले के चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष बंजारा को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र देकर राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया। मुंगेली जिले से एकमात्र डॉक्टर को यह गौरव प्राप्त हुआ है। राज्य स्तर पर चिकित्सा क्षेत्र के 9 प्रतिभागियों में डॉ. बंजारा अग्रणी रहे।

राज्य शासन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में सड़क सुरक्षा मितान (राहवीर), चिकित्सक, सारथी, यातायात पुलिस सहित उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। मुंगेली, कवर्धा, दंतेवाड़ा, रायपुर व रायगढ़ जिले से 5 प्रतिभागियों ने दुर्घटना में जान बचाने में योगदान दिया। चिकित्सा क्षेत्र के 9 सम्मानितों में 5 डॉक्टर थे, जिनमें डॉ. मनीष बंजारा प्रमुख हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सीएम विष्णुदेव साय, परिवहन मंत्री केदार कश्यप, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक सुनील सोनी व रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। समारोह में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों की भयावह स्थिति पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने दोपहिया वाहनों में हेलमेट व चारपहिया में सीट बेल्ट लगाने पर जोर दिया। क्विज प्रतियोगिता में विजेताओं को हेलमेट भेंट किया गया। सीएम ने स्वयं हेलमेट पहनकर स्कूटर चलाते हुए सुरक्षा संदेश दिया।

राज्य सम्मान मिलने पर डॉ. बंजारा के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने कहा, “यह सम्मान न केवल चिकित्सक के कर्तव्य का प्रतीक है, बल्कि मानवता, संवेदनशीलता व सामाजिक जिम्मेदारी भी है। रास्ते में किसी दुर्घटना में घायल को डॉक्टर होने से पहले इंसान के नाते मदद करना मेरी प्राथमिकता है। समय पर सहायता किसी की जिंदगी बचा सकती है।” उन्होंने सड़क सुरक्षा को नियमों से आगे बढ़कर नागरिकों की संवेदनशीलता पर जोर दिया। ज्वाइंट कमिश्नर संजय शर्मा ने उनके कार्य की सराहना की।

डॉ. बंजारा ने कहा, “यह सम्मान मेरा नहीं, बल्कि मुंगेली जिले के कलेक्टर कुंदन कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पांडेय तिवारी, जिला परिवहन अधिकारी असीम माथुर, डॉ. शीला शाहा, डॉ. कमलेश खैरवार, गिरिश कुर्रे व डॉ. सुदेश रात्रे के सहयोग का परिणाम है।” समारोह में परिवहन आयुक्त आईएएस एस. प्रकाश, अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर आईपीएस, दिनेश कुमार टांक सहित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *