Headlines

अंधे कत्ल का पर्दाफाश: पति की मार से तंग पत्नी बनी हत्यारिन, कुल्हाड़ी और साड़ी बरामद

मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना पथरिया पुलिस ने ग्राम गंगद्वारी में हुए सनसनीखेज अंधे कत्ल का मात्र 24 घंटे में सफल खुलासा कर दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक आजूराम राजपूत (उम्र 51 वर्ष) की हत्या उनकी ही पत्नी रूजेश्वरी राजपूत (उम्र 26 वर्ष) ने की।

पति से लगातार प्रताड़ना और घरेलू विवाद से तंग आकर रूजेश्वरी ने 23 जनवरी 2026 की रात करीब 3 बजे सोते हुए पति पर लोहे की कुल्हाड़ी (टंगिया) से सिर, चेहरा, गला, सीने और पेट पर कई वार किए। हत्या के बाद पड़ोसियों को गुमराह करने के लिए उसने झूठी चोरी की कहानी गढ़ी और खुद ही थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

त्वरित जांच और खुलासा:
24 जनवरी को रूजेश्वरी ने थाना पथरिया में अपराध क्र. 18/26 धारा 103 बीएनएस के तहत अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। एसपी के निर्देश पर एएसपी नवनीत कौर छाबड़ा और उपएसपी नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून लगी मिट्टी और सादी मिट्टी बरामद की। पड़ोसियों से पूछताछ में पति-पत्नी के विवाद का पता चला।

संदेह के आधार पर रूजेश्वरी को हिरासत में ले महिला अधिकारी ने सख्ती से पूछताछ की, तो उसने पूरा जुर्म कबूल लिया। आरोपी ने बताया कि पति ने दूसरी शादी की थी और लगातार मारपीट करता था। घटना वाले रात खाना खाकर पति नवनिर्मित पीएम आवास में सो गया, तब उसने वार कर हत्या की।

गिरफ्तारी और जप्ती: रूजेश्वरी के इशारे पर खून लगी साड़ी और हत्या में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी गवाहों के समक्ष बरामद की गई। 24 जनवरी रात 8:30 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर 25 जनवरी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

टीम की भूमिका: इस सफलता में निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (साइबर सेल प्रभारी), उपनिरीक्षक गिरजाशंकर यादव (थाना प्रभारी), उपनिरीक्षक शोभा यादव (थाना अजाक), प्र.आर. यशवंत डाहिरे, नोखेलाल कुर्रे, नरेश यादव, अरुण नेताम, आरक्षक राकेश बंजारे, राहुल यादव, गिरीराज परिहार, रवि मिंज, भेषज पाण्डेकर, हेमसिंह ठाकुर, राम कश्यप, परमेश्वर जांगड़े, हलिश गेंदले और मिथलेश सोनवानी की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *