भक्ति यात्रा का शानदार आगाज 25 जनवरी से
भागवत ज्ञान यज्ञ,स्टार नाइट,सहित भव्य मेला बनेगा आकर्षक का केंद्र
सरगांव। श्री सिद्धनाथ सेवा आश्रम समिति ने ताला महोत्सव 2026 के आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। यह बैठक देवरानी-जेठानी मंदिर, तालागांव (बिलासपुर) में हुई, जिसमें श्रीमद भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।इस दौरान समिति सदस्यों ने 25 जनवरी से 2 फरवरी 2026 तक चलने वाले श्रीमद भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह की रूपरेखा तय की।
समिति के अध्यक्ष बजरंग गोश्वामी ने बताया कि भागवत ज्ञान यज्ञ में भागवताचार्य मोंगरा गोस्वामी जी महादेव घाट, रायपुर प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कथा प्रवचन सुनाएंगी। समिति ने सभी भक्तों को कार्यक्रम में सहपरिवार आमंत्रित किया है।

बैठक में मेला स्थल पर मीना बाजार, मौत का कुंआ, हवाई झूला जैसे आकर्षणों के साथ स्टार नाइट कार्यक्रमों पर सहमति बनी। 30 जनवरी को मोंगरा विश्वकर्मा कृत मोंगरा स्टार नाइट (हरदी बाजार), 31 जनवरी को सुनील सोनी स्टार नाइट (दुर्ग) और 2 फरवरी को रिखी क्षत्रिय कृत लोक रागिनी (भिलाई) का आयोजन दोपहर 1 से शाम 6 बजे तक होगा।
कार्यक्रम सभी देवरानी-जेठानी मंदिर, तालागांव में होंगे, जो दगौरी रेलवे स्टेशन से पश्चिम दिशा में तथा बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे से भोजपुरी मार्ग पर 6 किमी दूर है।उक्ताशय की जानकारी समिति के लिकेश साहू द्वारा प्रदान की गई।


