Headlines

मोदी जी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित : परमानंद साहू

त्रिमूर्ति प्रोफेशनल महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत रंगोली प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों ने रंगों से उकेरी सेवा, सुशासन और राष्ट्रसमर्पण की यात्रा

सरगांव। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत त्रिमूर्ति प्रोफेशनल महाविद्यालय, सरगांव में भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा, सुशासन एवं राष्ट्रसमर्पण की यात्रा को रंगोलियों में जीवंत रूप प्रदान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत सरगांव के अध्यक्ष परमानंद साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन और सेवाकाल हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा को प्राथमिकता देते हुए सुशासन और राष्ट्रहित को केंद्र में रखा है। आज देश का युवा उनके सेवा और समर्पण के भाव से प्रेरणा लेकर राष्ट्रनिर्माण में अपनी भूमिका निभा रहा है।

विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों में ‘सेवा, संकल्प और सुशासन’ का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया। रंगों के माध्यम से प्रस्तुत इन कलाकृतियों ने युवा शक्ति की रचनात्मकता, राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पण और सकारात्मक सोच को प्रदर्शित किया।

महाविद्यालय के डायरेक्टर राजेश त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन और समर्पण का पर्याय है। विद्यार्थियों द्वारा रंगोली के माध्यम से उनके सेवा भाव को अभिव्यक्त करना सेवा संकल्प अभियान की सार्थक पहल है।

विशिष्ट अतिथि पार्षद श्रीमती जमुना पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आम लोगों के जीवन में अनेक सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिले हैं। जनकल्याण और विकास की योजनाओं का लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचा है।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या कु. हितू बघेल, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ-साथ सेवा, राष्ट्रसमर्पण और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को भी प्रोत्साहित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *