Headlines

रंगोलियों में साकार हुई मोदी की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा यात्रा, विद्यार्थियों ने उकेरी जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक

पथरिया के वीरांगना अवंती बाई लोधी महाविद्यालय में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम आयोजित, विधायक धरमलाल कौशिक ने छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को सराहा

पथरिया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पथरिया स्थित वीरांगना अवंती बाई लोधी शासकीय महाविद्यालय में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मक सोच के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को रंगों में जीवंत रूप प्रदान किया।

रंगों में उकेरी सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की तस्वीर

विद्यार्थियों ने अपनी आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान भारत, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया। रंगोलियों में महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सरोकार और गरीब कल्याण के संदेश विशेष रूप से दिखाई दिए।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ भारत अभियान, महतारी वंदन योजना, सोलर पैनल अभियान तथा विकसित भारत 2047 जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं के उद्देश्यों को समझने और उनके प्रति समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नवाचार, रचनात्मकता और नई सोच को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।

बच्चों की प्रतिभा और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी अभिव्यक्ति सराहनीय : कौशिक

विधायक धरमलाल कौशिक ने महाविद्यालय परिसर में प्रदर्शित रंगोलियों का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की प्रतिभा, उत्साह और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी उनकी अभिव्यक्ति अत्यंत प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों तक राष्ट्रसेवा की है। उनकी जनकल्याणकारी योजनाएं गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनी हैं। विद्यार्थियों ने उज्ज्वला योजना के माध्यम से धुआं मुक्त रसोई, आवास योजना से पक्के घर और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जिस सुंदरता से रंगोलियों में प्रस्तुत किया है, वह सराहनीय है।

श्री कौशिक ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य युवाओं में सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना जागृत करना है। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ इसी विचार को रचनात्मक अभिव्यक्ति देने का सार्थक प्रयास है।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट रंगोली बनाने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, छात्र-छात्राएं एवं भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *