महाविद्यालय में विद्यार्थियों ने रंगोली के जरिए रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों को दिया स्वर, आंगन का मिलन कार्यक्रम में बच्चों के पोषण व सर्वांगीण विकास पर हुई चर्चा
सरगांव। सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी मंडल सरगांव द्वारा सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। संत शिरोमणि रविदास शासकीय महाविद्यालय में रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वहीं ग्राम के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में आयोजित ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में बच्चों के पोषण, संस्कार एवं सर्वांगीण विकास पर चर्चा की गई।
महाविद्यालय में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से संस्कृति, रचनात्मकता और सामाजिक संदेशों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता भाजपा जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर एवं रामकुमार कौशिक ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजन युवाओं में सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक जुड़ाव और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करते हैं।

इस अवसर पर भाजपा मंडल सरगांव अध्यक्ष पोषण यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग से जुड़कर सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उनमें सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता विकसित करना अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में जिला मंत्री पूर्णिमा ध्रुव, मंडल मंत्री जागृति यादव, असद खान, निखिल कौशिक सहित महाविद्यालय परिवार की उपस्थिति रही।
आंगन का मिलन: बच्चों के पोषण और संस्कार पर हुआ संवाद
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य वक्ता जिला मंत्री पूर्णिमा ध्रुव, कैलाश सिंह ठाकुर एवं जागृति यादव तथा अतिथि ताराचंद साहू शामिल हुए। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और ग्रामीणजनों से आत्मीय संवाद कर बच्चों के पोषण, संस्कार एवं सर्वांगीण विकास में आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका पर चर्चा की गई।
मुख्य वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य की नींव उनके प्रारंभिक वर्षों में रखी जाती है। आंगनबाड़ी केंद्र पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और संस्कारों के माध्यम से बच्चों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए समाज की सहभागिता को भी आवश्यक बताया।

मंडल अध्यक्ष पोषण यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मूल भाव समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण और संस्कार के साथ परिवार एवं समाज को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीणजनों और सेवा कार्यों से जुड़े लोगों के बीच आत्मीयता बढ़ती है तथा जनकल्याण के कार्यों को नई ऊर्जा मिलती है।

दोनों कार्यक्रमों में सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों, महिलाओं, बच्चों और ग्रामीण समुदाय को जोड़कर जनसेवा की भावना को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।




