मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बच्चों की सुरक्षा को दी सर्वोच्च प्राथमिकता, अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील
रायपुर, 25 सितंबर 2026। प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शनिवार, 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं। यह अवकाश प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में लागू रहेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारी बारिश के कारण प्रदेश के कई क्षेत्रों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि तथा आवागमन में कठिनाई की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसी परिस्थितियों में स्कूली बच्चों को किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाना पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर के विद्यालयों में एक दिन का अवकाश रखने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को घर पर ही रखें, मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम में बच्चों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है और सभी को सावधानी बरतनी चाहिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने संबंधित विभागों एवं सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि अवकाश संबंधी आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।




