Headlines

मदकू में विकास का शंखनाद, 68.96 करोड़ के कार्यों की सौगात

सरगांव में ट्रॉमा सेंटर, मदकू में इको टूरिज्म सेंटर सहित स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, बिजली और खेल क्षेत्र में मुख्यमंत्री साय की बड़ी घोषणाएं

सरगांव/मदकू, 25 सितंबर। ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी मदकू में शुक्रवार को विकास का बड़ा अध्याय जुड़ा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित आंगन मिलन सेवा, रक्तदान एवं नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर में शामिल होकर क्षेत्रवासियों को 68 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपए के 21 विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 34 करोड़ 77 लाख 19 हजार रुपए के पूर्ण कार्यों का लोकार्पण तथा 34 करोड़ 19 लाख 77 हजार रुपए के नए कार्यों का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने वाली कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें सरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ट्रॉमा सेंटर प्रारंभ करने तथा मदकू द्वीप में 75 लाख रुपए की लागत से इको टूरिज्म सेंटर स्थापित करने की घोषणा प्रमुख रही।

स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन को मिली बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री साय ने पिपरडोल और लमती की प्राथमिक शालाओं को मिडिल स्कूल में उन्नत करने, ताला महोत्सव एवं मदकू द्वीप उत्सव के आयोजन के लिए 15-15 लाख रुपए तथा पथरिया के अवंती बाई लोधी कॉलेज में रानी अवंती बाई लोधी की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा की।

उन्होंने भाटापारा में इनडोर स्टेडियम निर्माण तथा भाटापारा क्षेत्र के 10 गांवों में प्रत्येक गांव में 10 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा मदकू और तुमाढेठा में 33 केवी सब स्टेशन, चंदखुरी की कोर बस्ती में भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपए तथा मदकू में सामुदायिक भवन निर्माण की भी घोषणा की।

मदकू की विरासत को विकास और पर्यटन से जोड़ने का संकल्प

मुख्यमंत्री साय ने मदकू द्वीप के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पुरातात्विक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत हमारी पहचान और गौरव है। इसका संरक्षण करने के साथ नई पीढ़ी को इससे जोड़ना भी हमारी जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि मदकू द्वीप में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होने से इसकी विशिष्ट पहचान को और मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर विकसित होंगे। राज्य सरकार विकास के साथ विरासत संरक्षण को भी प्राथमिकता दे रही है।

‘सेवा संकल्प’ को जनभागीदारी से मजबूत करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प विकास की गति तेज करने और जनसेवा की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने का है। गांवों में अच्छी सड़कें, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, माताओं और बच्चों के लिए पर्याप्त पोषण तथा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनसेवा के संकल्प को जनभागीदारी से मजबूत करने का माध्यम है। इसके माध्यम से स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं जनकल्याण की योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने के साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को विस्तार मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को शासन के केंद्र में रखे जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी इसी भावना के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर काम कर रही है।

सुशासन का मतलब जनता को समय पर सुविधा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ है कि नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भटकना न पड़े, उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो और शासन की योजनाओं का लाभ आसानी से मिले। इसी उद्देश्य से प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल एवं पारदर्शी बनाया जा रहा है।

उन्होंने ई-ऑफिस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से शासन को नागरिकों के और करीब लाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों के जीवन में बदलाव तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीब परिवारों के पक्के घर के सपने को साकार करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।

स्वस्थ माता और सुपोषित बच्चा मजबूत समाज की नींव

‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण और माताओं के स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। बच्चों के जीवन के शुरुआती वर्ष उनके संपूर्ण विकास के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण और प्रारंभिक देखभाल पर विशेष ध्यान जरूरी है।

उन्होंने कहा कि आंगन मिलन के माध्यम से परिवार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और स्वास्थ्यकर्मी एक साथ बैठकर बच्चों के पोषण, गर्भवती माताओं की देखभाल, एनीमिया, टीकाकरण और स्वच्छता जैसे विषयों पर संवाद कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य और पोषण सेवाएं पहुंचाने में इनका योगदान महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख माताओं-बहनों के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपए की सहायता सीधे पहुंच रही है, जिससे महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है।

स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तदान का संदेश

मुख्यमंत्री ने मेगा स्वास्थ्य शिविर में उपस्थित नागरिकों से स्वास्थ्य जांच सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रक्तचाप, मधुमेह और एनीमिया जैसी बीमारियों की समय पर पहचान होने से उपचार अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।

उन्होंने माताओं-बहनों से परिवार की देखभाल के साथ अपने स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता देने का आग्रह किया। रक्तदान करने वाले सेवाभावियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान मानवता की बड़ी सेवाओं में से एक है और जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

68.96 करोड़ के 21 विकास कार्यों की सौगात

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 34 करोड़ 77 लाख 19 हजार रुपए की लागत से पूर्ण कार्यों का लोकार्पण तथा 34 करोड़ 19 लाख 77 हजार रुपए की लागत के नए कार्यों का शिलान्यास किया।

लोकार्पित कार्यों में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत लोरमी विधानसभा क्षेत्र में 20 करोड़ 07 लाख 61 हजार रुपए के आठ कार्य तथा बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में 10 करोड़ 68 लाख 06 हजार रुपए का एक कार्य शामिल है। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा पुलिस विभाग के कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।

शिलान्यास किए गए कार्यों में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत मुंगेली विधानसभा क्षेत्र में 8 करोड़ 04 लाख 63 हजार रुपए का एक कार्य, लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत मुंगेली विधानसभा क्षेत्र में 20 करोड़ 88 लाख 29 हजार रुपए के तीन कार्य तथा बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में 4 करोड़ 83 लाख 85 हजार रुपए के दो कार्य शामिल हैं। बिल्हा क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 43 लाख रुपए के कार्य का भी शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से मुंगेली, लोरमी और बिल्हा विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य अधोसंरचना एवं अन्य जनसुविधाओं का विस्तार होगा।

विकास के साथ विरासत संरक्षण भी प्राथमिकता : तोखन साहू

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने समाजसेवी स्वर्गीय शांताराम सराफ को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भी उनका स्मरण किया।

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय शांताराम सराफ ने मदकू द्वीप के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व को सामने लाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके प्रयासों से यहां उत्खनन कार्य हुआ और क्षेत्र के प्राचीन इतिहास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।

मदकू की प्राचीन विरासत को मिलेगी नई पहचान : अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मदकू द्वीप छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत को अपने भीतर समेटे हुए है और यह 11वीं सदी का महत्वपूर्ण धार्मिक केंद्र रहा है। राज्य सरकार मदकू द्वीप के संरक्षण एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से भी इसके विकास को सहयोग मिल रहा है।

शांताराम सराफ का योगदान सदैव स्मरणीय : धरमलाल कौशिक

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि स्वर्गीय शांताराम सराफ ने मदकू द्वीप के विकास और इसकी ऐतिहासिक पहचान स्थापित करने के लिए उल्लेखनीय कार्य किया। उनके कार्यों को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल, वाणिज्य एवं उद्योग तथा जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर, मंडल अध्यक्ष सरगांव पोषण यादव, मंडल अध्यक्ष पथरिया संजय राजपूत, महामंत्री पंकज वर्मा एवं अनिल दुबे, नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू, उपाध्यक्ष पूजा कमल कौशिक, जनपद उपाध्यक्ष पथरिया दीपिका चंद्रशेखर कौशिक, जनपद अध्यक्ष चितरेखा मनीष जांगड़े, जिला पंचायत सभापति अंबालिका साहू, अनिला देवेंद्र राजपूत, जनपद सदस्य मनीष साहू, रिजवान हक, मदकू सरपंच विमला सुशील साहू, रणजीत सिंह हूरा, नरेंद्र शर्मा, रामकुमार कौशिक, तरुण अग्रवाल, कमल अग्रवाल, निखिल कौशिक, उदित साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, नगर पंचायत सरगांव के पार्षद तथा विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में बिलासपुर राजस्व संभाग के संभागायुक्त सुनील जैन, बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल सहित संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *