Headlines

साइबर ठगी से बचाव का मंत्र: जागरूकता और सतर्कता

सेवा संकल्प अभियान के तहत जमकोर में 383 छात्र-छात्राओं को एसएसपी भोजराम पटेल ने बताए डिजिटल सुरक्षा के उपाय, ठगी से बचने वाले सुधीर वर्मा का किया सम्मान

मुंगेली। शासन के “सेवा संकल्प अभियान” एवं छत्तीसगढ़ पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” के तहत जिले में युवाओं को साइबर अपराधों से बचाने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार 23 सितंबर को लाईवलीहुड कॉलेज जमकोर एवं आईटीआई कॉलेज जमकोर में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने दोनों संस्थानों के कुल 383 छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, डेटा प्राइवेसी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

कार्यक्रम जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल राम रावटे, अतिरिक्त कलेक्टर श्री जे.एल. यादव एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। एसएसपी भोजराम पटेल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में तकनीक का उपयोग जितना बढ़ रहा है, उतनी ही सावधानी बरतना भी जरूरी है। थोड़ी सी असावधानी से व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो सकता है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना चाहिए।

मोबाइल, बैंकिंग और पासवर्ड की सुरक्षा पर विशेष जोर

एसएसपी श्री पटेल ने छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से तीन महत्वपूर्ण बातों को हमेशा ध्यान में रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपने नाम से जारी मोबाइल और सिम का ही उपयोग करें तथा उसे सुरक्षित रखें। इसके साथ ही बैंक खाता, एटीएम, यूपीआई, ओटीपी और अन्य बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें। उन्होंने मोबाइल में मजबूत पासवर्ड एवं पिन रखने तथा अपना मोबाइल किसी अनजान व्यक्ति को नहीं देने की समझाइश भी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने के लिए भी जागरूक किया।

फर्जी नौकरी के ऑफर से रहें सावधान

कार्यक्रम में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को विशेष रूप से फर्जी नौकरी के विज्ञापन, ऑनलाइन जॉब ऑफर, फर्जी भर्ती एजेंसियों तथा रजिस्ट्रेशन और वेरिफिकेशन के नाम पर पैसों की मांग से सावधान रहने की समझाइश दी गई। अधिकारियों ने बताया कि ठग नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ऑनलाइन शुल्क, दस्तावेज और बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल कर उन्हें अपना शिकार बनाते हैं। ऐसे किसी भी प्रस्ताव पर भरोसा करने से पहले संबंधित संस्था और भर्ती प्रक्रिया का सत्यापन आवश्यक है।

जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल राम रावटे, अतिरिक्त कलेक्टर श्री जे.एल. यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला, एसडीएम श्री अजय शतरंज एवं जनपद पंचायत सीईओ श्री संतोष गोषले ने भी छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव और रोजगार के नाम पर होने वाली ऑनलाइन ठगी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

साइबर जागृति अभियान ने बचाया ठगी से, सुधीर वर्मा हुए सम्मानित

कार्यक्रम का सबसे प्रेरक पहलू ग्राम नवागांव चीनू निवासी श्री सुधीर वर्मा का अनुभव रहा। उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके घर डाक के माध्यम से लॉटरी में कार जीतने की सूचना भेजी गई थी। कार प्राप्त करने के नाम पर उनसे पैसे की मांग की जा रही थी।

गांव में आयोजित साइबर जागृति अभियान के दौरान मिली जानकारी के कारण सुधीर वर्मा पहले से ही इस तरह की ठगी के प्रति जागरूक थे। उन्होंने सतर्कता बरतते हुए ठगों के झांसे में आने से खुद को बचा लिया।

साइबर अपराध के प्रति उनकी जागरूकता और सतर्कता को देखते हुए एसएसपी श्री भोजराम पटेल ने श्री सुधीर वर्मा को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं को संदेश दिया कि साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूक रहना ही सबसे बड़ा हथियार है।

“अनजान लिंक और ऑनलाइन नौकरी के नाम पर भुगतान से पहले करें सत्यापन”

मुंगेली पुलिस ने विद्यार्थियों और आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन, पासवर्ड, बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने तथा ऑनलाइन नौकरी के नाम पर पैसे जमा करने से पहले संबंधित संस्था और ऑफर का पूरी तरह सत्यापन करें।

कार्यक्रम में लाईवलीहुड कॉलेज जमकोर की सहायक परियोजना अधिकारी सुश्री निशी देवांगन, निरीक्षक श्री कार्तिकेश्वर जांगड़े थाना प्रभारी सिटी कोतवाली मुंगेली, प्रउप निरीक्षक श्री नवीन जांगड़े, श्री नवनीत, सउनि श्री मधुकर रात्रे, श्रीमती बबीता श्रीवास, आरक्षक श्री परमेश्वर जांगड़े सहित लाईवलीहुड कॉलेज एवं आईटीआई कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

साइबर सुरक्षा का संदेश स्पष्ट रहा—सावधानी बरतें, जानकारी सुरक्षित रखें और ठगी से पहले ही खुद को सुरक्षित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *