कंटेनर के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा, हाइड्रा की मदद से चालक को सुरक्षित निकाला; पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था
सरगांव। नेशनल हाईवे पर मनियारी के पास सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में ट्रेलर चालक घायल हो गया। जानकारी के अनुसार कंटेनर क्रमांक KA51 AK 4790 के चालक द्वारा कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक एवं अनियंत्रित तरीके से वाहन चलाते हुए अचानक ब्रेक लगाया गया। इसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रेलर क्रमांक CG10 BG 7010 कंटेनर से जा टकराया। टक्कर के बाद ट्रेलर चालक का पैर स्टेयरिंग में फंस गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही सरगांव पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं यातायात व्यवस्था संभाली। चालक का पैर स्टेयरिंग में फंसा होने के कारण उसे बाहर निकालने के लिए हाइड्रा की मदद ली गई। पुलिस एवं राहत दल के प्रयास से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पैर दबने के कारण उसे चोट आई, जिसके बाद तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
एक लेन से वाहनों को किया गया डायवर्ट
हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने तत्काल यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करते हुए वाहनों को एक लेन से डायवर्ट किया, जिससे आवागमन सुचारु रूप से जारी रहा।

हाइड्रा और क्रेन से हटाए गए दुर्घटनाग्रस्त वाहन
दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर और ट्रेलर को हाइड्रा एवं क्रेन की सहायता से सड़क से हटाया गया। इसके बाद नेशनल हाईवे पर यातायात व्यवस्था सामान्य रूप से बहाल कर दी गई।

पूरे घटनाक्रम के दौरान थाना प्रभारी सरगांव अशोक यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर उपस्थित रहे और यातायात एवं राहत व्यवस्था को सुगम बनाने में जुटे रहे। पुलिस की तत्परता से घायल चालक को समय पर सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया तथा हाईवे पर यातायात भी बहाल कराया गया।




