मनियारी-रामबोड़ मार्ग की पुलिया से निकली लोहे की छड़ें दे रहीं दुर्घटनाओं को न्योता, गौ सेवा आयोग विकासखंड समिति ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
सरगांव। मनियारी से रामबोड़ गांव जाने वाले मार्ग पर नदी के ऊपर बनी जर्जर पुलिया की स्थिति को लेकर गौ सेवा आयोग विकासखंड पथरिया समिति ने चिंता जताई है। समिति के अध्यक्ष बृजेश शर्मा ने मुंगेली जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पुलिया की तत्काल मरम्मत कराने तथा जनसुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि पुलिया काफी जर्जर हो चुकी है और उसके विभिन्न हिस्सों से लोहे की छड़ें बाहर निकल आई हैं। इससे दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के टायर पंचर होने के साथ ही वाहन अनियंत्रित होकर नदी में गिरने का खतरा बना हुआ है। बारिश के दौरान पुलिया के ऊपर पानी भर जाने से बाहर निकली लोहे की छड़ें दिखाई नहीं देतीं, जिससे पैदल आने-जाने वाले ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के पैर फंसने तथा दुर्घटना होने की आशंका और बढ़ जाती है।

इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी एवं वाहन चालक आवागमन करते हैं। पुलिया की वर्तमान स्थिति को देखते हुए कभी भी गंभीर हादसा होने की आशंका बनी हुई है। समिति ने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
अध्यक्ष बृजेश शर्मा ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि संबंधित विभाग को निर्देशित कर जर्जर पुलिया का तत्काल निरीक्षण कराया जाए तथा आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने स्थायी समाधान होने तक पुलिया से बाहर निकली लोहे की छड़ों को हटाने और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने की मांग की, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।




