Headlines

सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने बूथ स्तर पर जुटेंगे भाजपा कार्यकर्ता

शक्ति केंद्र सरगांव-2 की मासिक कामकाजी बैठक में मंडल अध्यक्ष पोषण यादव ने कार्यकर्ताओं से किया आह्वान

सरगांव। भारतीय जनता पार्टी मंडल सरगांव अंतर्गत शक्ति केंद्र सरगांव-2 में मासिक कामकाजी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा मंडल अध्यक्ष पोषण यादव उपस्थित रहे। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी सेवा संकल्प अभियान को लेकर कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

मंडल अध्यक्ष पोषण यादव ने शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, सहसंयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं बूथ कार्यसमिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद के सिद्धांतों पर कार्य करने वाली राजनीतिक पार्टी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि पार्टी की विचारधारा एवं सिद्धांतों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर सक्रियता के साथ कार्य करे।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को मंडल के प्रत्येक बूथ में व्यापक रूप से मनाने का आह्वान किया। साथ ही प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर प्रत्येक घर में ‘मोदी जी के आशीर्वाद स्वरूप एक दीप’ प्रज्वलित करने का आग्रह किया।

नगर पंचायत सरगांव के अध्यक्ष एवं शक्ति केंद्र प्रभारी परमानंद साहू ने कहा कि केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकारें जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का निरंतर प्रयास कर रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि वे राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित होकर देश को विकास एवं प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य कर रहे हैं।

बैठक में शक्ति केंद्र संयोजक पवन साहू, सहसंयोजक उदित साहू, बूथ अध्यक्ष गोपाल जुनेजा, शंकर साहू, गोकुल देवांगन, दिलीप राजपूत, रामबिलास केंवट, नारायण साहू, जय प्रकाश साहू, कुंदन पाड़े सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *