Headlines

बगबुडवा में चोरी का 12 घंटे में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

07 सोने के लॉकेट, चांदी की सकरी और 16,500 रुपए नकद समेत 64,500 रुपए की संपत्ति बरामद

पथरिया। ग्राम बगबुडवा में हुई चोरी के मामले में पथरिया पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के महज 12 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 07 नग सोने के लॉकेट, 01 नग चांदी की सकरी तथा 16,500 रुपए नकद सहित कुल 64,500 रुपए की संपत्ति बरामद की है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बगबुडवा निवासी दिलहरण मरावी (50) ने 10 सितंबर 2026 को थाना पथरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 सितंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोर उसके घर में घुसकर आलमारी में रखे 07 नग सोने के लॉकेट एवं 01 नग चांदी की सकरी, जिसकी कीमत करीब 48 हजार रुपए थी, तथा गुल्लक में रखी 27 हजार रुपए की नगदी चोरी कर ले गए। रिपोर्ट पर थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 227/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना से मिली अहम कड़ी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चोरी गई संपत्ति की बरामदगी और आरोपियों की पतासाजी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू की।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बगबुडवा निवासी ईश्वर मरावी सोने का लॉकेट बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथियों कैफ खान, असरफ खान और सुभान खान के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने तीनों अन्य संदेहियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने भी अपराध करना स्वीकार किया।

चारों आरोपियों से बरामद हुई चोरी की संपत्ति

पुलिस ने आरोपी ईश्वर मरावी के कब्जे से 03 नग सोने के लॉकेट और 13 हजार रुपए नकद, कैफ खान से 04 नग सोने के लॉकेट, सुभान खान से 01 नग चांदी की सकरी तथा अशरफ खान से 3,500 रुपए नकद बरामद किए। इस तरह कुल 07 नग सोने के लॉकेट, 01 नग चांदी की सकरी और 16,500 रुपए नकद समेत कुल 64,500 रुपए की संपत्ति बरामद की गई।

प्रकरण में धारा 317(2) एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपी ईश्वर मरावी (18), कैफ खान (24), सुभान खान (20) और अशरफ खान (19), सभी निवासी बगबुडवा, थाना पथरिया, जिला मुंगेली, को 11 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया।

कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका: निरीक्षक पवन देवांगन (प्रभारी थाना पथरिया), प्रधान उप निरीक्षक योगेश कुमार भट्ट, भारती मरकाम, प्रधान आरक्षक तीनजुगी राजपूत, आरक्षक स्वारथ लाल ध्रुव, दीपक ठाकुर, शिवशंकर गोयल, राजीव पटेल एवं सूरज मंडावी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *