Headlines

NH-130 पर दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रैक्टर की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

नारायणपुर के पास चंद्रखुरी में हुआ हादसा, पुलिस ने घायल को सरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया

सरगांव। बिलासपुर-रायपुर मार्ग नेशनल हाईवे-130 पर रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सरगांव थाना क्षेत्र के चंद्रखुरी स्थित अन्नपूर्णा ढाबा के सामने हुआ। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरगांव पहुंचाया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 सितंबर को दोपहर करीब 1 बजे बाइक सवार युवक NH-130 से गुजर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर से बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि बाइक सवार भोला साहू निवासी भिलौनी और सुखसागर यादव निवासी पिपरलोड की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं सूरज यादव निवासी बदरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही सरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दोनों मृतकों के शवों को मर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच करते हुए दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *