शॉल-श्रीफल भेंट कर जताया आभार, वक्ताओं ने शिक्षक के महत्व और विद्यार्थियों के जीवन में उनकी भूमिका पर डाला प्रकाश
सरगांव। संत शिरोमणि गुरु रविदास शासकीय महाविद्यालय सरगांव में शिक्षक दिवस के अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकों एवं स्टॉफ के सम्मान में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षकों एवं स्टॉफगण को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय के विधायक प्रतिनिधि असद मोहम्मद, सांसद प्रतिनिधि निखिल कौशिक एवं छात्र नेता (छोटा) निखिल कौशिक ने महाविद्यालय के सभी शिक्षकों एवं स्टॉफगण को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि असद मोहम्मद ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। शिक्षक केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि संस्कार, अनुशासन और जीवन मूल्यों का पाठ पढ़ाकर विद्यार्थियों के भविष्य की नींव मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने गुरुओं का सम्मान करने तथा अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
सांसद प्रतिनिधि निखिल कौशिक ने कहा कि गुरु विद्यार्थी के जीवन का आधार होते हैं। शिक्षक अपने ज्ञान, अनुभव और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक के प्रति सम्मान हमारी भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा रही है।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी. एस. ठाकुर, डॉ. एन. के. सिंह, डॉ. एम. वी. बखला, संध्या पात्रे एवं स्वाति तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए और शिक्षक दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, स्टॉफगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




