बालक-बालिका दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी खिलाड़ियों का चयन
सरगांव। मुंगेली में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में नेटबॉल 14 वर्ष वर्ग में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मदकू के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर संभाग को विजेता बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में मदकू के 11 विद्यार्थियों—06 छात्र एवं 05 छात्राओं ने बिलासपुर संभाग की टीम का प्रतिनिधित्व किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इनमें से खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी चयन हुआ है।
बालक वर्ग में देव यादव, विशेष गेंदले, लेखराम यादव, सुभाष, आयुष कोशले और लखन साहू तथा बालिका वर्ग में श्रृष्टि राय, रागनी बघेल, अदिति घृतलहरे, रागनी साहू और पलक घृतलहरे ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

बालक वर्ग में रहा दबदबा
बिलासपुर संभाग की बालक टीम ने प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत करते हुए अपने पहले मुकाबले में दुर्ग संभाग को 33-00 से पराजित किया। इसके बाद बस्तर संभाग को 32-01 और सरगुजा संभाग को 27-00 के बड़े अंतर से हराया। अंतिम मुकाबले में रायपुर संभाग के खिलाफ कड़ा और रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें बिलासपुर ने 12-10 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
बालिका वर्ग में भी शानदार जीत
बालिका वर्ग में भी बिलासपुर संभाग की टीम ने दमदार प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में दुर्ग संभाग को 28-06 से शिकस्त दी। इसके बाद बस्तर को 15-00 और सरगुजा को 20-00 से हराया। अंतिम मुकाबले में रायपुर संभाग के साथ हुए संघर्षपूर्ण मुकाबले में बिलासपुर ने 09-08 से रोमांचक जीत हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।

इस प्रकार बिलासपुर संभाग ने प्रतियोगिता में बस्तर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा की टीमों को पराजित करते हुए बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया। मदकू के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय एवं क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
हर वर्ष राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मदकू की पहचान
मदकू के विद्यार्थियों की इस सफलता के पीछे व्यायाम शिक्षक एवं कोच निर्मल जांगड़े का मार्गदर्शन और प्रशिक्षण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में मदकू के विद्यार्थी लगातार राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में चयनित होकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रतिभा मंडलोई, प्रभारी प्राचार्य शंकर लाल साहू, संकुल समन्वयक दयाराम यादव, एसएमसी अध्यक्ष सोनम घृतलहरे एवं मदकू सरपंच बिमला साहू ने खिलाड़ियों, कोच एवं विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों के उज्ज्वल प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।




