मनियारी चौक सल्फा में हादसे के बाद पहुंचा पुलिस प्रशासन, महज पांच मिनट में मार्ग कराया गया क्लियर; एंबुलेंस को भी दिया गया सुरक्षित रास्ता
सरगांव। मनियारी चौक सल्फा में गुरुवार को दो ट्रकों के बीच एक कार फंस जाने से अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष बृजेश शर्मा एवं उनकी टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सूझबूझ व तत्परता का परिचय देते हुए कार को दोनों ट्रकों के बीच से सुरक्षित बाहर निकलवाया। समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की जानकारी गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष बृजेश शर्मा ने तत्काल सरगांव थाना प्रभारी अशोक यादव को दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब पांच मिनट के भीतर पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने घटनास्थल पर स्थिति को नियंत्रित करते हुए मार्ग को जल्द से जल्द क्लियर कराया, जिससे सड़क पर आवागमन दोबारा सुचारू हो सका।

एंबुलेंस के लिए तत्काल बनाया रास्ता
हादसे के दौरान इसी मार्ग से गुजर रही एंबुलेंस को भी प्राथमिकता देते हुए तत्काल रास्ता उपलब्ध कराया गया। गौ सेवा आयोग की टीम और पुलिस प्रशासन की सक्रियता के चलते एंबुलेंस को सुरक्षित तरीके से घटनास्थल से आगे निकाला गया, जिससे मरीज तक समय पर पहुंचने में किसी प्रकार की बाधा न आए।
तत्परता और सूझबूझ की लोगों ने की सराहना
मौके पर मौजूद लोगों ने गौ सेवा आयोग की टीम और पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि समय रहते घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नहीं संभाला जाता तो दोबारा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। टीम ने न केवल कार को सुरक्षित तरीके से बाहर निकलवाया, बल्कि एंबुलेंस के लिए भी तत्काल रास्ता उपलब्ध कराया।
घटना के दौरान गौ सेवा आयोग की टीम की सूझबूझ और पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई ने यह साबित किया कि दुर्घटना के बाद कुछ मिनटों की तत्परता भी बड़ी अनहोनी को टाल सकती है। स्थानीय लोगों ने इस मानवीय संवेदनशीलता और सक्रियता को काबिले-तारीफ बताया।




