Headlines

बिजली दरों की बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल, रामबोर्ड सब-स्टेशन में दिया धरना

मंडल अध्यक्ष मुकेश साहू के नेतृत्व में प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

सरगांव। प्रदेश में लगातार बढ़ रही बिजली दरों, स्मार्ट मीटर तथा बिजली बिलों में कथित अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को प्रदेशव्यापी आंदोलन किया। इसी क्रम में मुंगेली जिले के विभिन्न विद्युत सब-स्टेशनों के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। सरगांव क्षेत्र में रामबोर्ड विद्युत सब-स्टेशन में मंडल अध्यक्ष मुकेश साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना दिया और प्रदर्शन के बाद संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस लेने सहित विभिन्न मांगें रखीं।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार पांचवीं बार बिजली की दरों में वृद्धि की गई है। उनका कहना था कि बढ़ी हुई दरों का सीधा असर आम घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों, छोटे व्यापारियों और अन्य बिजली उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तथा गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक वृद्धि की गई है। वहीं कृषि पंपों की बिजली दरों में भी करीब 40 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी किए जाने का आरोप कांग्रेस ने लगाया। नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती बिजली दरों से किसानों और आम परिवारों के मासिक बजट पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

‘बिजली बिल हाफ योजना बंद होने से बढ़ा बोझ’

धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने विद्युत शुल्क अधिभार में 12 प्रतिशत की वृद्धि को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को राहत दी गई थी। वर्तमान सरकार द्वारा इस योजना को बंद किए जाने के बाद आम उपभोक्ताओं पर बिजली बिल का अतिरिक्त भार बढ़ गया है।

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों में कई उपभोक्ताओं को सामान्य से तीन से चार गुना अधिक बिजली बिल प्राप्त हुए हैं। नेताओं ने कहा कि विभिन्न शुल्क और अधिभार के कारण उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।

स्मार्ट मीटर की जांच की मांग

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर को लेकर भी सरकार और विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। नेताओं का कहना था कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं द्वारा बिजली बिल में अप्रत्याशित वृद्धि की शिकायतें की जा रही हैं। कांग्रेस ने स्मार्ट मीटरों की निष्पक्ष जांच कराने तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ी हुई बिजली दरें वापस लेने और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन विद्युत विभाग के अधिकारियों को सौंपा गया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस नहीं ली और उपभोक्ताओं को राहत नहीं दी, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मुकेश साहू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा, उपाध्यक्ष उमेश सोनी, वहाब खान, तरन टंडन, जनपद सदस्य युगल वर्मा सहित रोहित टंडन, देव प्रसाद बर्मन, संतोष सोनवानी, नारायण बंजारे, टीकाराम यादव, निर्मल यादव, सखी चंद वर्मा, जितेंद्र वर्मा, रामेश्वर लहरे, पूर्व सरपंच मनीष साहू, भूपेंद्र वर्मा, दिलहरण गोयल, तेज सिंह नेताम, लीला जायसवाल, राजाराम गोंड, एजाज खान, दबेश साहू, राधे मारखंडे, रशीद खान, रामकुमार साहू, संजय साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *