Headlines

आत्मरक्षा के साथ साइबर सुरक्षा का पाठ: 200 बच्चों को नशे और साइबर अपराध से बचाव की दी सीख

पथरिया में आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन, थाना प्रभारी पवन देवांगन ने बच्चों को बताए ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय

पथरिया/मुंगेली। जिला प्रशासन मुंगेली एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निर्देशानुसार नशा मुक्ति, साइबर अपराध जागरूकता एवं सुरक्षित समाज निर्माण के उद्देश्य से चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के तहत आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रेन सिन कान कराटे मुंगेली जिला के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में बच्चों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण के साथ साइबर सुरक्षा और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में थाना प्रभारी पथरिया पवन देवांगन उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर में मौजूद करीब 200 बच्चों को साइबर अपराध एवं साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बच्चों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लिंक और संदेशों पर क्लिक नहीं करने, ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने तथा अपनी व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की समझाइश दी। साथ ही साइबर अपराध का शिकार होने अथवा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की बात कही।

थाना प्रभारी पवन देवांगन ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में बच्चों और युवाओं का साइबर अपराध के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है। सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

रिंकू सिंह ठाकुर ने बच्चों को किया नशे से दूर रहने प्रेरित

कार्यक्रम में जनपद सभापति रिंकू सिंह ठाकुर ने भी बच्चों को साइबर सुरक्षा एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को खेल, अनुशासन और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कराटे एवं खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए जिला संघों को आवश्यक कराटे मैट उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस पहल से जिले के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि रिंकू सिंह ठाकुर की इस पहल के संबंध में विधायक धरमलाल कौशिक द्वारा पूर्व में भी अनुशंसा की गई थी। विधायक कौशिक लगातार क्षेत्र के बच्चों एवं खिलाड़ियों को खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करते रहे हैं और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करते रहे हैं।

250 से 300 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

आयोजन में पथरिया विकासखंड क्षेत्र से लगभग 250 से 300 खिलाड़ियों ने सहभागिता की। आत्मरक्षा एवं कराटे प्रशिक्षण के माध्यम से बच्चों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, आत्मरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ रेन सिन कान कराटे के प्रमुख रामाकांत एस. मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण के साथ खेल भावना, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारियों का महत्व समझाया।

25 कराटे प्रशिक्षकों ने दी प्रशिक्षण में सहभागिता

मुंगेली जिले के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 25 कराटे प्रशिक्षकों ने आयोजन में सहभागिता की। प्रशिक्षकों ने बच्चों को आत्मरक्षा एवं कराटे का प्रशिक्षण देने के साथ उन्हें नशे से दूर रहने, अनुशासित जीवन जीने और समाज में जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

आयोजन के इवेंट कोऑर्डिनेटर बहोरन वर्मा ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन एवं समन्वय से प्रशिक्षण शिविर और जागरूकता कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं प्रशिक्षकों ने नशा मुक्ति, साइबर अपराध से बचाव तथा सुरक्षित एवं स्वस्थ समाज निर्माण का संदेश दिया।

सामूहिक प्रयास से बनेगा सुरक्षित समाज

आयोजन को सफल बनाने में पीयूष साहू, चंद्रदेव समर, दिनेश, अभिषेक, महेश्वरी, मुस्कान, ईषा, नीलकंठ, सूरज सहित सभी प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

आयोजन समिति ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही बच्चों एवं युवाओं को नशे तथा साइबर अपराध जैसी सामाजिक चुनौतियों से बचाते हुए उन्हें खेल, शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित किया जा सकता है।

रेन सिन कान कराटे मुंगेली जिला के आयोजकों ने कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण के साथ बच्चों को सामाजिक एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों और युवाओं को सुरक्षित, स्वस्थ एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *