Headlines

शिवनाथ नदी स्टॉप डेम के पास मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, सरगांव पुलिस ने जारी किया हुलिया

पहचान के लिए पुलिस ने आम लोगों से मांगी मदद, मर्ग कायम कर जांच शुरू

मुंगेली/सरगांव। सरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बासिन स्थित शिवनाथ नदी स्टॉप डेम के पास शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए मृतक की पहचान के लिए आम लोगों से सहयोग की अपील की है।

पुलिस के अनुसार 29 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे शिवनाथ नदी स्टॉप डेम के पास एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को सुरक्षित रखा और मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।

पुलिस ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष, कद करीब 5.5 फीट तथा शरीर सामान्य है। मृतक ने मटमैला-काला धारीदार फूल शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी। उसके बाएं हाथ की कलाई में घड़ी तथा दाएं पैर में एक सैंडिल मिली है।

पहचान में सहयोग की अपील

सरगांव पुलिस ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति उक्त हुलिए के आधार पर मृतक को पहचानता है अथवा उसके संबंध में किसी प्रकार की जानकारी रखता है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि पहचान होने से मृतक के परिजनों तक सूचना पहुंचाने में मदद मिलेगी।

सूचना के लिए संपर्क करें:

  • पुलिस कंट्रोल रूम, मुंगेली: 94791-93044
  • विवेचक: 9009191225
  • थाना सरगांव, जिला मुंगेली (छत्तीसगढ़)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *