नवागत विद्यार्थियों का भव्य स्वागत, अनुशासन, समय प्रबंधन और स्मार्ट वर्क पर दिया जोर
बिलासपुर। एलसीआईटी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस में कला एवं मानविकी विभाग द्वारा नवागत विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘वेनिस कार्निवल–द वेलकम गाला’ का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कॉलेज के सेमिनार हॉल में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आईजी रामगोपाल गर्ग (IPS) रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समारोह में रंग भर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईजी रामगोपाल गर्ग ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पूजा-अर्चना कर किया। इसके बाद राष्ट्रगीत और राज्यगीत की प्रस्तुति हुई। महाविद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि का श्रीफल, पौधा, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर एलसीआईटी के चेयरमैन प्रमोद जैन, ट्रस्टी, उपकार सर, अभिनव सर, पटनायक सर, त्यागी सर, मनीष सिन्हा, एनसीसी अधिकारी, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
मानविकी विषयों की उपयोगिता पर आईजी गर्ग ने डाला प्रकाश
अपने प्रेरणादायी संबोधन में आईजी रामगोपाल गर्ग ने विद्यार्थियों को मानविकी विषयों के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इतिहास, भूगोल, समाजशास्त्र, भाषाएं और अर्थशास्त्र जैसे विषय न केवल विद्यार्थियों के ज्ञान का विस्तार करते हैं, बल्कि UPSC, CGPSC, पुलिस सेवा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि कॉलेज जीवन केवल अंक हासिल करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इस दौरान ज्ञान, व्यक्तित्व, चरित्र और अनुशासन का भी विकास होना चाहिए।

‘दूसरों की लकीर छोटी नहीं, अपनी लकीर बड़ी करें’
सफलता के सूत्र बताते हुए आईजी गर्ग ने विद्यार्थियों को आत्म-विकास पर ध्यान केंद्रित करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि किसी दूसरे की लकीर छोटी करने के बजाय अपनी लकीर लंबी करने का प्रयास करना चाहिए। ईर्ष्या से दूर रहकर निरंतर स्वयं को बेहतर बनाना ही सफलता का सही रास्ता है।
उन्होंने कहा कि ज्ञान बांटने से बढ़ता है, इसलिए विद्यार्थियों को एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने चरित्र, अनुशासन, सही प्रश्न पूछने की क्षमता और सकारात्मक सोच को जीवन की वास्तविक पूंजी बताया।
आईजी गर्ग ने विद्यार्थियों को मेहनत के साथ स्मार्ट रणनीति अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है, लेकिन एकाग्रता, समय प्रबंधन और सही दिशा में किया गया स्मार्ट वर्क सफलता को आसान बना सकता है। उन्होंने समय के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि बीता हुआ समय कभी वापस नहीं आता, इसलिए हर विद्यार्थी को समय का सदुपयोग करना चाहिए।

यातायात सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी का दिया संदेश
आईजी गर्ग ने युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की। उन्होंने कहा कि हेलमेट पुलिस के चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपने जीवन और परिवार की सुरक्षा के लिए पहनना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों को भी समझने और समाज के प्रति जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान किया।
रिसर्च को सामाजिक समस्याओं से जोड़ने की पहल
आईजी गर्ग ने कहा कि शोध का क्षेत्र केवल विज्ञान तक सीमित नहीं है। मानविकी के विद्यार्थी समाज में व्याप्त नशे और ड्रग्स जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रभावों पर शोध कर सकते हैं तथा ऐसे अध्ययन सरकार की प्रभावी नीति-निर्माण प्रक्रिया में उपयोगी साबित हो सकते हैं।
उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच विकसित करने तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने वाली प्रेरणादायक फिल्मों एवं सामग्री से जुड़ने का भी आह्वान किया।

उत्कृष्ट एनसीसी कैडेट्स हुए सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि आईजी रामगोपाल गर्ग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीसी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के समापन पर एलसीआईटी के चेयरमैन प्रमोद जैन ने मुख्य अतिथि आईजी रामगोपाल गर्ग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने नवागत विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बना दिया।




