मंदिर दर्शन से शुरू हुआ जन्मदिन का दिन, सरगांव से बिलासपुर तक जगह-जगह हुआ स्वागत; विधायक धरमलाल कौशिक ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
सरगांव। जिला पंचायत सभापति एवं क्षेत्र की सक्रिय जनप्रतिनिधि अंबालिका साहू का जन्मदिन बुधवार को उत्साह, आत्मीयता और जनस्नेह के साथ मनाया गया। जन्मदिन के अवसर पर सुबह उन्होंने सर्वप्रथम मां काली मंदिर तिफरा पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण के लिए आशीर्वाद लिया। इसके बाद दिनभर विभिन्न स्थानों पर समर्थकों, शुभचिंतकों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा उनका स्वागत कर केक काटा गया और जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं।

अंबालिका साहू के जन्मदिन पर शांतिनिकेतन वृद्ध आश्रम, चकरभाटा साहू समाज, रामबोर्ड चौक, दौना, बिदबिदा, मनियारी चौक, मोहभट्ठा, बदरा ब, पेंड्री स, किरना सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं नगर पंचायत सरगांव के मंगल भवन में भी उनके जन्मदिन पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर शुभकामनाएं दी गईं।

सावन उत्सव में जुटीं क्षेत्र की मातृशक्ति
मंगल भवन सरगांव में भाजपा महिला मोर्चा सरगांव मंडल द्वारा सावन के पावन अवसर पर भव्य सावन उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं बहनें शामिल हुईं। इस दौरान सावन की उमंग और उत्साह के बीच अंबालिका साहू का जन्मदिन भी आत्मीयता के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, प्रदेश स्थायी आमंत्रित सदस्य नरेंद्र शर्मा, जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर, मंडल अध्यक्ष पोषण यादव, महिला मोर्चा जिला महामंत्री दीपिका चंद्रशेखर कौशिक एवं जिला महिला मोर्चा मंत्री रानी जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर विधायक धरमलाल कौशिक ने अंबालिका साहू को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “अंबालिका साहू निरंतर क्षेत्र की जनता के बीच सक्रिय रहकर जनसेवा के कार्यों में अपनी भूमिका निभा रही हैं। मैं उन्हें जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। मां काली और भगवान शिव से प्रार्थना है कि उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और जनसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा प्रदान करें तथा वे इसी तरह क्षेत्र की जनता की सेवा करती रहें।”

‘जनता का स्नेह ही मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार’ — अंबालिका साहू
अपने जन्मदिन पर मिले अपार स्नेह और शुभकामनाओं के लिए अंबालिका साहू ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “मेरा जन्मदिन मेरे लिए केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि जनता और अपनों के बीच रहने का अवसर है। क्षेत्रवासियों, मातृशक्ति, कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और सभी शुभचिंतकों ने जिस आत्मीयता और स्नेह के साथ मुझे शुभकामनाएं दीं, वह मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार है। मैं सभी के विश्वास और आशीर्वाद को अपनी जिम्मेदारी मानती हूं और आने वाले समय में क्षेत्र की जनता की सेवा तथा विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करती रहूंगी।”

उन्होंने विशेष रूप से महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र की मातृशक्ति का आभार जताते हुए कहा कि सावन उत्सव जैसे आयोजन हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने के साथ-साथ बहनों को एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में एल्डरमैन पंकज वर्मा, गोपाल जुनेजा, राजकुमार साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष परमानन्द साहू, विधायक प्रतिनिधि तरुण अग्रवाल, कमल अग्रवाल, विष्णु राजपूत, जमुना पांडे, घनश्याम राजपूत सहित भाजपा के मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शुभचिंतक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने अंबालिका साहू को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं सफल जीवन की कामना की।




