Headlines

सावन में बाबा बैद्यनाथ और माँ कामाख्या के दरबार पहुंचे धरमलाल कौशिक, रजनीश सिंह व भूपेंद्र सवन्नी

बिलासपुर स्टेशन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से किया आत्मीय स्वागत, प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण के लिए की प्रार्थना

बिलासपुर। सावन के पावन अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, पूर्व विधायक रजनीश सिंह एवं क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने देवघर (झारखंड) स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ धाम तथा गुवाहाटी (असम) स्थित माँ काली एवं माँ कामाख्या देवी के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।

तीर्थ यात्रा पूर्ण कर गृह ग्राम परसदा लौटने के दौरान बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, समर्थकों एवं क्षेत्रवासियों ने उनका फूल-मालाओं से भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया और सभी ने तीर्थ यात्रा से लौटने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

धरमलाल कौशिक ने कहा कि सावन मास में बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक और शक्ति पीठ माँ कामाख्या के दर्शन का विशेष धार्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि तीर्थ यात्रा के दौरान उन्होंने प्रदेश की शांति, समृद्धि, खुशहाली और जनता के कल्याण के लिए प्रार्थना की।

विधि-विधान से हुई भैरव महाराज की विदाई पूजा

गृह आगमन से पूर्व परंपरा के अनुसार विधि-विधान के साथ भैरव महाराज की विदाई पूजा भी संपन्न की गई। विद्वान पंडितों ने मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर तीर्थ यात्रा के निर्विघ्न एवं सफलतापूर्वक पूर्ण होने के लिए आभार व्यक्त किया।

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर हुए स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। स्वागत से अभिभूत धरमलाल कौशिक ने सभी कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा, “आप सभी का यह स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी ऊर्जा है। आप सभी का आत्मीय स्वागत मेरे लिए सदैव विशेष रहेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *