पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के नेतृत्व में निकली भव्य यात्रा, जगह-जगह पुष्पवर्षा और आतिशबाजी से हुआ स्वागत
सरगांव। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के सरगांव–पथरिया मंडल में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक के नेतृत्व में करीब 25 किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा और दिल में राष्ट्रप्रेम का जज्बा लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण इस यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ मनियारी चौक सरगांव से हुआ, जो अटल चौक सरगांव, वार्ड क्रमांक 09, मोहभट्ठा चौक, सॉवा, बिदबिदा, भाठापारा, बावली, धरदेई, रोहराकला, पड़ियाईंन, जरेली पेंड्री चौक और जुनवानी होते हुए पथरिया के भक्त माता कर्मा चौक पहुंचकर संपन्न हुई।
गांव-गांव में हुआ भव्य स्वागत
यात्रा के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों, माताओं-बहनों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। कई स्थानों पर आतिशबाजी की गई और पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों का अभिनंदन किया गया। बावली, धरदेई, रोहराकला एवं पड़ियाईंन में स्कूली बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर कतारबद्ध होकर यात्रा का स्वागत किया। बच्चों के हाथों में लहराता तिरंगा और चेहरे पर नजर आता राष्ट्रप्रेम यात्रा का विशेष आकर्षण रहा।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चित्ररेखा जांगड़े, उपाध्यक्ष श्रीमती दीपिका कौशिक एवं जिला पंचायत सभापति श्रीमती अनिला राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी तिरंगा यात्रा का अभिनंदन किया।
‘तिरंगा हमारी आन, बान और शान’ : धरमलाल कौशिक
यात्रा को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि “तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। यह यात्रा हमें देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा का संकल्प देती है। हर घर में तिरंगा फहराएं और देश को विश्व गुरु बनाने में अपना योगदान दें।”
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र की एकता, अखंडता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को घर-घर तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं वाहनों पर गर्व के साथ तिरंगा लगाने का आह्वान किया।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद
तिरंगा यात्रा में जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष हरिशंकर वर्मा, रिंकू ठाकुर, मंडल अध्यक्ष पोषण यादव, संजय राजपूत, रितेश यादव, नगर पंचायत सरगांव अध्यक्ष परमानंद साहू, पंकज वर्मा, अंबालिका साहू, निखिल कौशिक, रामकुमार कौशिक,रणजीत सिंह हूरा, घनश्याम वर्मा, नरेन्द्र शर्मा,तरूण अग्रवाल,जमुना पांडे, सुषमा पोषण यादव, सविता कौशिक, सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

25 किलोमीटर तक निकली इस तिरंगा यात्रा ने सरगांव से पथरिया तक राष्ट्रभक्ति, एकता और देश के प्रति सम्मान का संदेश दिया। यात्रा के दौरान उमड़ा जनसैलाब और लोगों का उत्साह ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जनभागीदारी की तस्वीर प्रस्तुत करता नजर आया।



