राधा-कृष्ण मंदिर के पास छोटे तालाब में नहाने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा, परिवार में छाया मातम
सरगांव। सरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत राधा-कृष्ण मंदिर के पास स्थित छोटे तालाब में नहाने के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। तालाब की पचरी पर फिसलन के कारण पैर फिसलने से किशोर गहरे पानी में जा गिरा और देखते ही देखते पानी में समा गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक गोपाल साहू उर्फ रवि, पिता रामचरण साहू, मूल रूप से तालागांव के निवासी थे और वर्तमान में देवरी खुर्द, बिलासपुर में रह रहे थे। परिवार में आयोजित एक दुखद कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गोपाल अपने परिजनों के साथ सरगांव आया हुआ था।
इसी दौरान वह राधा-कृष्ण मंदिर के पास स्थित छोटे तालाब में नहाने गया था। नहाते समय तालाब की पचरी पर फिसलन होने के कारण अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। पानी अधिक गहरा होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका और डूबने से उसकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी बृजेश शर्मा द्वारा तत्काल सरगांव थाना प्रभारी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की तथा शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
14 साल की उम्र में छूटा जिंदगी का साथ
गोपाल की महज 14 वर्ष की उम्र में हुई आकस्मिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस परिवार में वे दुख के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे, वहीं अब एक और गहरा दुख जुड़ गया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में मातम छा गया। क्षेत्रवासियों ने भी इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया।
तालाबों में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे ने तालाबों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाबों की पचरी पर फिसलन और गहरे पानी वाले स्थानों पर सुरक्षा संबंधी चेतावनी एवं आवश्यक इंतजाम होना जरूरी है। ऐसे स्थानों पर विशेष सावधानी बरती जाए तो भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोकने में मदद मिल सकती है।


