200 कट्टी चावल, 16 कट्टी शक्कर, नकदी व चोरी में प्रयुक्त पिकअप समेत करीब 10 लाख की संपत्ति जब्त; अन्य जिलों में चोरी के मामलों के भी खुले राज
मुंगेली। शासकीय उचित मूल्य की दुकानों और सोसायटियों को निशाना बनाकर चावल-शक्कर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर 200 कट्टी चावल (लगभग 100 क्विंटल), 16 कट्टी शक्कर, बिक्री की रकम 24 हजार रुपये, चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन, 83 प्लास्टिक बोरियां, चाकू, सब्बलनुमा लोहे का रॉड, मोबाइल फोन सहित करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
पुलिस की कार्रवाई से थाना सिटी कोतवाली मुंगेली एवं थाना पथरिया क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य दुकानों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है। पूछताछ में आरोपियों ने मुंगेली जिले के अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।

बेलखुरी, कलारजेवरा और पालचुवा की राशन दुकानों को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार ग्राम बेलखुरी की शासकीय उचित मूल्य दुकान से 5-6 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने 76 कट्टी चावल, करीब 38 क्विंटल, चोरी कर लिया था। इसी तरह ग्राम कलारजेवरा की सोसायटी से 25 कट्टी चावल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
वहीं थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पालचुवा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान से 60-70 बोरी चावल और 16 बोरी शक्कर चोरी होने की शिकायत सामने आई थी। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

एसएसपी के निर्देश पर गठित की गई विशेष टीम
संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई और चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी के निर्देश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने दिए थे। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला, एसडीओपी हरविंदर सिंह एवं एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने बेसिक पुलिसिंग के साथ तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान ग्राम बावली एवं चिरौटी क्षेत्र के संदिग्ध युवकों की गतिविधियों की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों से पूछताछ शुरू की।
पिकअप वाहन के जरिए वारदात, फिर बिलासपुर में बेचते थे चोरी का चावल
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी खिलेश कौशिक ड्राइविंग का काम करता था और ग्राम बावली निवासी महेंद्र निषाद का पिकअप वाहन किराए पर चलाता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात ग्राम चिरौटी निवासी राजकुमार पात्रे एवं पिंटू उर्फ विजय पात्रे से हुई। आरोपियों ने आसपास की शासकीय उचित मूल्य दुकानों से चावल चोरी करने की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक 5 अगस्त की रात आरोपी अपने साथियों के साथ सरगांव में एकत्र हुए और पिकअप वाहन से कलारजेवरा पहुंचे। वहां सोसायटी का ताला तोड़कर चावल चोरी किया गया। इसके बाद बेलखुरी की सोसायटी के चैनल गेट और दरवाजे का ताला तोड़कर भी चावल चोरी किया गया।
इसी तरह 6 एवं 7 अगस्त की रात पालचुवा की सोसायटी को निशाना बनाकर चावल और शक्कर चोरी की गई। चोरी किए गए माल को घुठेली ले जाकर बोरियों की अदला-बदली की जाती थी। इसके बाद चावल को बिलासपुर के तारबाहर क्षेत्र में व्यापारियों के माध्यम से बेचने की बात सामने आई है।
चोरी के माल की बिक्री से बांट लेते थे रकम
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के चावल को बिलासपुर में बेचने के बाद प्राप्त रकम को आरोपी आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने इस मामले में पिकअप वाहन के मालिक महेंद्र निषाद तथा चावल खरीदने वाले व्यापारी बंटी उर्फ रवि पाहूजा को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में घटनाओं में संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
अन्य जिलों में चोरी के भी खुले राज
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 30 जुलाई की रात चौकी मारो क्षेत्र के ग्राम पुटपुरा की सोसायटी से करीब 45 कट्टी चावल चोरी करने की बात बताई। इसी प्रकार सिरगिट्टी क्षेत्र के ग्राम सिलपहरी स्थित सोसायटी से भी करीब 45 कट्टी चावल चोरी कर बिलासपुर में बेचने की जानकारी सामने आई है।
इसके अलावा लोरमी क्षेत्र में एक स्थान से 10 बोरी डीएपी खाद चोरी करने और ग्राम कोकही स्थित एक फार्म हाउस से कीटनाशक चोरी करने की बात भी पूछताछ में सामने आई है। पुलिस इन मामलों की भी तस्दीक कर रही है।
चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में खिलेश कौशिक (22), राजू श्रीवास (20), महेंद्र निषाद (21), तीनों निवासी ग्राम बावली तथा व्यापारी बंटी उर्फ रवि पाहूजा (50), निवासी जुनापारा, बिलासपुर को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। साथ ही आरोपियों की अन्य चोरी की घटनाओं में संलिप्तता और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों के संबंध में भी जांच जारी है।

करीब 10 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों से 200 कट्टी चावल (100 क्विंटल), 16 कट्टी शक्कर, 24 हजार रुपये नगद, पिकअप वाहन क्रमांक CG-28-Q-3669, 83 प्लास्टिक बोरी, एक चाकू, प्लास्टिक सुतली, सूजा, एक सब्बलनुमा लोहे का रॉड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा चौकी को सूचना दें। उन्होंने घरों एवं दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने की भी अपील की है।
इनकी रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, प्रभारी थाना सिटी कोतवाली, उपनिरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी, प्रभारी साइबर सेल, उपनिरीक्षक गिरजाशंकर यादव, प्रभारी थाना पथरिया सहित साइबर सेल, थाना सिटी कोतवाली और थाना पथरिया के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


