“बेहतर शैक्षणिक सुविधाएँ हमारी प्राथमिकता, छात्राओं का उज्ज्वल भविष्य ही सबसे बड़ा लक्ष्य” : धरमलाल कौशिक

सरगांव के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में 42.98 लाख रुपये की लागत से बने 6 अतिरिक्त कक्षों का लोकार्पण, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण

सरगांव। बिल्हा विधानसभा के लोकप्रिय विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही सशक्त समाज की आधारशिला है और छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।

गुरुवार को कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, सरगांव में लगभग 42.98 लाख रुपये की लागत से निर्मित 6 अतिरिक्त कक्षों का लोकार्पण गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ नवनिर्मित कक्षों का लोकार्पण किया तथा छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने संबोधन में विधायक कौशिक ने कहा कि इन अतिरिक्त कक्षों के निर्माण से विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को पर्याप्त स्थान, बेहतर शैक्षणिक सुविधाएँ तथा अनुकूल अध्ययन वातावरण मिलेगा। इससे उनकी शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास को भी नई दिशा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के बुनियादी ढाँचे को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है ताकि ग्रामीण अंचल की बेटियाँ भी आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री कौशिक ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया और सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेंद्र शर्मा, जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर, मंडल अध्यक्ष पोषण यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू, जिला पंचायत सभापति श्रीमती अंबालिका साहू, घनश्याम राजपूत, नंदनी साहू, पूर्णिमा ध्रुव, जागृति यादव, रामकुमार कौशिक, अनिल दुबे, हैप्पी हुरा, मनीष साहू, पंकज वर्मा, मनोज यादव, रिजवान हक, महेश साहू, जमुना पांडे, पार्षद श्रीमती सुनीता साहू, एल्डरमैन राजकुमार साहू, बिहारी राजपूत, पवन साहू, तरुण अग्रवाल, रविंद्र गुप्ता, उदित साहू, निखिल कौशिक, रोहित चक्रधारी, प्रेमलाल भास्कर सहित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रतिभा मंडलोई, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्रावास अधीक्षिका, विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्राएँ भी मौजूद रहीं। सभी ने इस महत्वपूर्ण विकास कार्य का स्वागत करते हुए इसे छात्राओं के बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *