धरदेई में लोहे से भरा ट्रक पलटा, कंडक्टर की दर्दनाक मौत; विधायक धरमलाल कौशिक पहुंचे मौके पर, राहत-बचाव के दिए निर्देश

ड्राइवर गंभीर रूप से घायल, बेहतर उपचार के लिए रेफर

सरगांव। पथरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम धरदेई के पास गुरुवार को सरगांव–पथरिया मुख्य मार्ग पर लोहे से भरे एक ट्रक के पलट जाने से भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में ट्रक के कंडक्टर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एमपी-16-जेडबी-2645 क्रमांक का लोहे से लदा ट्रक रायगढ़ से ग्वालियर की ओर जा रहा था। ग्राम धरदेई के समीप अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के समय ट्रक में चालक दीपू यादव (32 वर्ष) और कंडक्टर मेलन यादव (35 वर्ष) सवार थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रक के नीचे दबने से कंडक्टर मेलन यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक दीपू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष बृजेश शर्मा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से घायल चालक को ट्रक से बाहर निकलवाकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही बिल्हा विधानसभा के विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक भी घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तहसीलदार, थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली तथा घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और दुर्घटनास्थल पर यातायात को शीघ्र सामान्य कराने के निर्देश दिए।

विधायक धरमलाल कौशिक ने हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत कंडक्टर के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की तथा घायल चालक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने माँ महामाया से प्रार्थना करते हुए कहा कि दुर्घटना से प्रभावित परिवार को इस कठिन समय में संबल मिले और घायल जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच लौटे।

हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने और मार्ग पर यातायात बहाल करने का कार्य देर शाम तक जारी रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *