स्कूल में चोरी: अज्ञात चोर 2 कंप्यूटर ले गए, शिकायत दर्ज,सीटीवी बंद होने का उठाया फायदा, छत के रास्ते घुसे चोर

सरगांव।थाना क्षेत्र सरगांव अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बावली में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने स्कूल में घुसकर 2 कंप्यूटर सेट पार कर दिए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग पचास हजार रुपये बताई जा रही है। मामले की शिकायत सरगांव थाने में दर्ज कराई गई है।

छत के रास्ते घुसे, ताले तोड़े
स्कूल के प्राचार्य जी.एस. पैकरा ने बताया कि शनिवार दोपहर को स्कूल बंद कर सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं घर चले गए थे। रविवार सुबह जब स्कूल पहुंचे तो व्यावसायिक शिक्षा कक्ष के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो 2 सेट कंप्यूटर गायब थे।

इसके बाद अन्य शिक्षकों के साथ जांच की गई तो पता चला कि छत पर जाने वाली सीढ़ी के ऊपर वाले दरवाजे का ताला भी टूटा हुआ है और दरवाजा खुला था। आशंका है कि अज्ञात चोरों ने छत के रास्ते स्कूल में प्रवेश किया और फिर व्यावसायिक कक्ष से कंप्यूटर चोरी कर ले गए।

सीटीवी बंद, गवाह भी नहीं
सबसे बड़ी बात यह है कि स्कूल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन पिछले काफी समय से बंद पड़े हैं। शाला विकास प्रबंधन समिति की पिछली बैठक में भी बंद सीसीटीवी को लेकर नाराजगी जताई गई थी और जल्द व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उससे पहले ही चोरी की वारदात हो गई।

पुलिस जांच में जुटी
प्राचार्य की शिकायत पर सरगांव पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और लोगों से पूछताछ कर रही है।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार बीती रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच कुछ संदिग्ध लोग स्कूल की छत पर खड़े देखे गए थे। कुछ देर बाद वे बाजार चौक की तरफ चले गए।

इस घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने स्कूल प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था तुरंत दुरुस्त की जाए और बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को तुरंत चालू कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *