श्रद्धा और भक्ति का संगम: सरगांव से बाबा धाम के लिए कांवड़ियों का पहला जत्था रवाना, ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजा नगर

सरगांव। सावन माह में भगवान शिव की भक्ति अपने चरम पर है। इसी क्रम में सरगांव नगर से बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था सोमवार को पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ रवाना हुआ। नगर में “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया।

पहले जत्थे में कमलेश अग्रवाल, राम जुड़ावन, धनुष राम साहू सहित लगभग 20 श्रद्धालु बाबा धाम के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। यात्रा पर निकलने से पहले श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। परिजनों और नगरवासियों ने श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर एवं शुभकामनाएं देकर उत्साहपूर्वक विदाई दी।

श्रद्धालुओं ने बताया कि सावन में बाबा धाम जाकर पवित्र गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक करना उनके लिए आस्था और सौभाग्य का विषय है। नगर से अन्य श्रद्धालु भी अलग-अलग समूहों में बाबा धाम के लिए रवाना हो चुके हैं।

जानकारी के अनुसार, बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। अगला जत्था मंगलवार को सरगांव से रवाना होगा, जिसमें बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल होंगे। पूरे सावन माह में नगर से कई जत्थों के बाबा धाम पहुंचने की संभावना है, जिससे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *