डीएमएफ फंड से 5 लाख रुपये की लागत से बनेगी 150 मीटर सीसी रोड, ग्रामीणों ने जताया आभार
लुकऊकांपा/सरगांव। ग्राम पंचायत मोहदी के आश्रित ग्राम लुकऊकांपा के ग्रामीणों को लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अब यह समस्या जल्द ही दूर होने जा रही है। जिला पंचायत सभापति अंबालिका साहू के प्रयासों से डीएमएफ (DMF) मद से 5 लाख रुपये की लागत से उचित मूल्य दुकान से नेतराम ध्रुव के घर तक लगभग 150 मीटर सीसी रोड निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ है। जिसका अंबालिका साहू ने विधिवत भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया और ग्रामीणों को बधाई दी।

इस अवसर पर ग्रामवासियों ने वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर खुशी व्यक्त करते हुए जिला पंचायत सभापति अंबालिका साहू का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि सीसी रोड बनने से बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी और आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम होगा।
जिला पंचायत सभापति अंबालिका साहू ने कहा कि “जनता की मूलभूत सुविधाओं का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र के प्रत्येक गांव में जरूरत के अनुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। लुकऊकांपा के ग्रामीणों की यह मांग लंबे समय से लंबित थी, जिसे पूरा कर हमें संतोष है। आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्य निरंतर जारी रहेंगे तथा हर गांव तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना हमारा संकल्प है।”

कार्यक्रम में सरपंच देवप्रसाद सतनामी, विशाल कौशिक, संतोष डहरिया, रोहित चक्रधारी, प्रेमलाल भास्कर (विशेष आमंत्रित अनुसूचित जाति सदस्य, मुंगेली), उपसरपंच दीपक ध्रुव, इकाई अध्यक्ष मोहदी पवन ध्रुव, संतोष निषाद, समस्त पंचगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।


