वार्ड क्रमांक 04 में 70 विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री का वितरण, शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश
सरगांव। शिक्षा को बढ़ावा देने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से वार्ड क्रमांक 04 के पार्षद कृष्णा साहू द्वारा सराहनीय पहल करते हुए विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के 50 विद्यार्थियों को स्कूल जूते एवं मोजे तथा कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 20 विद्यार्थियों को कॉपी एवं पेन वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ेगा और जरूरतमंद परिवारों को भी राहत मिलेगी। बच्चों ने खुशी-खुशी अध्ययन सामग्री प्राप्त कर नियमित रूप से विद्यालय जाने और मन लगाकर पढ़ाई करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पार्षद कृष्णा साहू ने कहा कि, “शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है। हमारा प्रयास है कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बने। बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना हमारा सामाजिक दायित्व है। भविष्य में भी वार्ड के विद्यार्थियों के हित में ऐसे जनकल्याणकारी कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे, ताकि हर बच्चा बेहतर शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार कर सके।”

इस जनहितकारी पहल से वार्डवासियों में खुशी का माहौल रहा और उन्होंने पार्षद कृष्णा साहू के इस प्रयास की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायक कदम बताया।


