सल्फा चौक के पास हादसे में घायल बसंत पाटले को तत्काल पहुंचाया गया अस्पताल, मुंगेली पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना
सरगांव। मुंगेली जिले में डायल-112 सेवा ने एक बार फिर अपनी तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल युवक की समय रहते जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में संचालित डायल-112 टीम ने सूचना मिलने के मात्र दो मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंचकर घायल को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार 26 जुलाई 2026 को दोपहर 12:56 बजे डायल-112 को सूचना मिली कि सरगांव के सल्फा चौक के पास एक व्यक्ति सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही डायल-112 टीम तत्काल रवाना हुई और लगभग दो किलोमीटर की दूरी तय कर मात्र दो मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गई।
घायल युवक ने अपना नाम बसंत पाटले (28 वर्ष), पिता बग्गू, निवासी ग्राम सेवती, बिल्हा (जिला बिलासपुर) बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने ससुर के साथ मोटरसाइकिल से बिल्हा से संबलपुर स्थित ससुराल जा रहा था। इसी दौरान अचानक दौरा आने से मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे में उसके सिर, आंख के ऊपर तथा पैर में गंभीर चोटें आईं।

डायल-112 टीम ने बिना किसी देरी के घायल को सुरक्षित वाहन में बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरगांव पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण घायल को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी।
इस सराहनीय कार्य में डायल-112 ड्यूटी स्टाफ आरक्षक सूरज कुमार धुरी (क्रमांक 429) एवं चालक साहेब लाल नवरंग की विशेष भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस ने कहा है कि आमजन की सुरक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य के साथ डायल-112 सेवा निरंतर सक्रिय एवं प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।


