स्वच्छता ही सेवा, सेवा ही समर्पण: जनभागीदारी से साकार होगा स्वच्छ और सुंदर सरगांव-परमानन्द साहू

हर रविवार चल रहा स्वच्छता अभियान, बच्चों और युवाओं की भागीदारी बनी प्रेरणा

सरगांव। नगर पंचायत अध्यक्ष श्री परमानंद साहू ने रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय हेल्पलाइन फाउंडेशन के संरक्षक श्री रामकुमार कौशिक के नेतृत्व में आयोजित साप्ताहिक स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए बस स्टैंड परिसर स्थित भगवान श्रीकृष्ण एवं भक्त माता कर्मा मंदिर परिसर की साफ-सफाई की। प्रत्येक रविवार की तरह आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री परमानंद साहू ने कहा कि “स्वच्छता ही सेवा और सेवा ही समर्पण” के संकल्प के साथ चलाया जा रहा यह अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह दर्शाती है कि नई पीढ़ी स्वच्छता के संस्कारों को आत्मसात कर रही है। जब समाज का हर वर्ग स्वच्छता के प्रति जागरूक होगा, तभी स्वच्छ, सुंदर और विकसित नगर का सपना साकार हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक आदत और सामाजिक जिम्मेदारी है। जनसहभागिता से ही किसी भी सामाजिक परिवर्तन को गति मिलती है और सामूहिक प्रयासों के बल पर स्वच्छ, स्वस्थ एवं आदर्श नगर का निर्माण संभव है।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय हेल्पलाइन फाउंडेशन ने नगरवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने के लिए नियमित रूप से ऐसे अभियानों में सहभागी बनें तथा अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। इससे सरगांव स्वच्छता, सौंदर्य और जनजागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण बन सकेगा।

इस दौरान शिक्षक श्री ललित यादव, भावेश साहू, नवीन, घुपेंद्र, अनुराग, संतोष वर्मा, सूरज, कुंवर सोनी, हरीश, विशाल, प्रेम यादव, अमन, प्रिंस, मुकेश, विवेक, ज्ञानेश, अजय, सुनील कौशिक, स्वच्छता दीदी श्रीमती पायल, श्रीमती सती सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं बच्चे उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *