सरगांव। जिले में अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत सरगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 31 पाव अवैध देसी प्लेन शराब का परिवहन करते एक आरोपी को गिरफ्तार कर परिवहन में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक पथरिया श्री हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में थाना सरगांव पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गुरु रविदास शासकीय महाविद्यालय के पास खपरी रोड पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान सफेद रंग की सिलेरियो कार क्रमांक CG-07-BL-7850 की तलाशी लेने पर उसमें 31 पाव अवैध देसी प्लेन मदिरा (5.580 बल्क लीटर) बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी ओमप्रकाश बंजारे (46 वर्ष), पिता धनीराम बंजारे, निवासी ग्राम टिकैत पेंड्री, थाना सरगांव, जिला मुंगेली को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3,100 रुपये मूल्य की अवैध शराब एवं 4 लाख रुपये मूल्य की सिलेरियो कार जब्त की। इस प्रकार कुल 4,03,100 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष कुमार शर्मा, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक निर्मल घोष, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सूरज कुमार ध्रुव, आरक्षक हकीम अली एवं विश्वनाथ प्रताप सिंह राजपूत की सराहनीय भूमिका रही।
ऑपरेशन ‘बाज’ की बड़ी कार्रवाई: 31 पाव अवैध देसी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, 4 लाख की कार जब्त


