हाईस्कूल धमनी में साइकिल, गणवेश, पाठ्यपुस्तक एवं जाति प्रमाणपत्र वितरित, ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण
सरगांव। हाईस्कूल धमनी में विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत साइकिल, गणवेश, पाठ्यपुस्तक, गणवेश एवं जाति प्रमाणपत्र वितरण के साथ ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षा ही विकसित राष्ट्र की सबसे मजबूत नींव है। सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। छात्र-छात्राओं को शासन की योजनाओं का पूरा लाभ लेकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाना चाहिए।” उन्होंने बालिका शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन तथा पर्यावरण संरक्षण पर विशेष बल देते हुए ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान की सराहना की।

जिला पंचायत मुंगेली की सभापति अंबालिका साहू ने कहा कि शासन की जनहितकारी योजनाएँ तभी सफल होंगी, जब उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं संस्कारों को जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए बालिका शिक्षा को समाज की प्रगति का आधार बताया।
भाजपा जिला महामंत्री कैलाश ठाकुर ने कहा कि शिक्षा और संस्कार ही विद्यार्थियों की सबसे बड़ी पूँजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए पौधरोपण को आने वाली पीढ़ियों के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताया।
कार्यक्रम में सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा नवमी की 21 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। निःशुल्क जाति प्रमाणपत्र वितरण योजना के तहत 5 विद्यार्थियों को जाति प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण योजना के अंतर्गत प्राथमिक शाला, पूर्व माध्यमिक शाला एवं हाईस्कूल धमनी के 5-5 विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं। वहीं निःशुल्क गणवेश वितरण योजना के अंतर्गत प्राथमिक शाला धमनी की कक्षा पहली के विद्यार्थियों को गणवेश प्रदान किए गए।
इसके पश्चात ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान के तहत हाईस्कूल धमनी परिसर में अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों द्वारा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर विधायक धरमलाल कौशिक, जिला पंचायत सभापति अंबालिका साहू, भाजपा जिला महामंत्री कैलाश ठाकुर, भाजपा प्रदेश मंत्री रिजवान हक, बीईओ डॉ. प्रतिभा मंडलोई, एल्डरमेन पंकज वर्मा, सरपंच रिंकी राज कौशिक, सरपंच प्रतिनिधि राज कौशिक, उपसरपंच एजाज अली, प्राचार्य दिलीप कुमार ठेठवार, पूर्व जनपद अध्यक्ष अनुज धृतलहरे, अनिल दुबे, विष्णु राजपूत (पूर्व पार्षद), रामकिशुन जायसवाल, मंत्री लाल कौशिक, मधु कौशिक, सचिव रामफल ध्रुव, अश्वनी कौशिक, लक्ष्मण कौशिक, शिवकुमार कौशिक, आनंद राम कौशिक, चैनू टंडन, भागीरथी कौशिक, विनोद मधुकर, रतन साहू, इन्दराम निषाद, चैतराम जलतारे, अजय कमल, रामसिंह ठाकुर, मोतीलाल अनंत, बलजीत सिंह कांत, छन्नूराम भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, अभिभावक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन संकुल समन्वयक मोहन लहरी ने किया तथा अंत में प्राचार्य दिलीप कुमार ठेठवार ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।


