बासीन एवं मदकु हाई स्कूल में 54 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरण, न्योता भोज और वृक्षारोपण के माध्यम से शिक्षा, संस्कार व पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सरगांव। बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के हाई स्कूल बासीन एवं हाई स्कूल मदकु में मुख्यमंत्री निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण योजना, न्योता भोज, वृक्षारोपण एवं विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, पूर्व नेता प्रतिपक्ष,भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक रहे।

इस अवसर पर श्री कौशिक ने दोनों विद्यालयों की कुल 54 छात्राओं को मुख्यमंत्री निःशुल्क सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह योजना छात्राओं को शिक्षा से जोड़ने, उनकी पढ़ाई को सुगम बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है, जो व्यक्ति को समाज में सम्मान, अवसर और सफलता दिलाती है। इसलिए सभी छात्र-छात्राएँ पूरे मनोयोग से अध्ययन करें, अपने लक्ष्य निर्धारित करें और उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें।

श्री कौशिक ने कहा कि आज की बेटियाँ हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य उन्हें शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे किसी भी परिस्थिति में अपनी पढ़ाई न छोड़ें और अपने परिवार, समाज तथा प्रदेश का नाम रोशन करें।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि पौधे केवल हरियाली ही नहीं बढ़ाते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर जीवन प्रदान करने का आधार भी बनते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।

न्योता भोज कार्यक्रम में श्री कौशिक विद्यार्थियों के बीच आत्मीयता से शामिल हुए। उन्होंने बच्चों के साथ संवाद करते हुए शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और व्यक्तित्व विकास के महत्व पर चर्चा की तथा उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में कैलाश सिंह ठाकुर, पोषण यादव, श्रीमती अंबालिका साहू, परमानंद साहू, रामकुमार कौशिक, भोजराम वर्मा, मनीष साहू, गोवर्धन साहू, ग्राम सरपंच बसीन सोहित साहू, ग्राम सरपंच मदकु श्रीमती विमला जी, सुनील साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी डॉ प्रतिभा मंडलोई सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


