कौशिक ने पत्रकारों को बताया लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ ; सुविधाओं के लिए हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन
सरगांव। प्रेस क्लब सरगांव के नवगठित प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक से उनके परसदा स्थित निवास पर शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को हाल में प्राप्त हुए “उत्कृष्ट विधायक” अलंकरण के लिए पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया और क्लब की गठन प्रक्रिया तथा आगामी गतिविधियों के बारे में उन्हें अवगत कराया।
विधायक कौशिक ने प्रेस क्लब के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि पत्रकार निष्पक्ष, जिम्मेदार और सकारात्मक रिपोर्टिंग से समाज को सही दिशा दिखाते हैं और लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ बने रहते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रेस क्लब सरगांव क्षेत्रीय जनसमस्याओं तथा विकास कार्यों को तथ्यात्मक और निष्पक्ष रूप में उजागर कर समाजहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने सरगांव में क्लब के संचालन के लिए स्थायी कार्यालय भवन उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर विधायक कौशिक ने कहा कि पत्रकारों की सुविधा और संगठनगत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यथासंभव सकारात्मक पहल कर सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने नगर पंचायत सरगांव में अब तक हुए विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की और नगर के भविष्य के विकास संबंधी सुझाव देने के लिए क्लब से संवाद जारी रखने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर की आधारभूत सुविधाओं एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने और विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर बल दिया। बैठक में प्रेस क्लब सरगांव के संरक्षक संपति कुमार शर्मा, अध्यक्ष राजकुमार यादव, उपाध्यक्ष महेंद्र साहू एवं निर्मल अग्रवाल, सचिव शहनवाज ख़ान (शानू), संयुक्त सचिव मनीष कुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नारायण बंजारे और करण सेन उपस्थित रहे।


