दो साल से फंसा बच्चों का अधिकार: खपरी स्कूल का बाउंड्रीवाल‑शौचालय निर्माण रुका, नायब तहसीलदार ने किया निरीक्षण

सरगांव/खपरी। रानी अवंतीबाई लोधी शासकीय प्राथमिक शाला, खपरी में पिछले दो वर्षों से अधूरा पड़ा स्कूल का अहाता (बाउंड्रीवाल) और शौचालय निर्माण प्रशासन की अनदेखी व भूमि विवाद के कारण रुका हुआ है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों द्वारा बार-बार अधूरी परियोजना की शिकायत तहसील जनदर्शन और कलेक्टर कार्यालय में की गई, लेकिन समस्या का ठोस समाधान नहीं निकला।

पूर्व पार्षद प्रतिनिधि विष्णु राजपूत ने बताया कि स्कूल परिसर के पीछे स्थित भूमि पर रामधीन साहू (पिता सीताराम साहू) व भीष्म ठाकुर द्वारा कथित कब्जा किए जाने के कारण निर्माण कार्य ठप है। बताया गया कि दोनों पक्षों के पास पट्टा होने की जानकारी है, परंतु भूमि विवाद के कारण फंड का उपयोग नहीं हो पाया और कार्य बीच में ही रुक गया है।

ग्रामीणों व अभिभावकों ने कहा कि शौचालय निर्माण अधूरा होने से छोटे बच्चों, विशेषकर छात्राओं को पड़ोसियों के घरों या खेत-खलिहानों में जाकर शौच करना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा और मर्यादा पर असर पड़ रहा है। अभिभावक किसी अनहोनी को लेकर चिंतित हैं।

पूर्व सचिव रामेश्वर साहू ने बताया कि पंचायत खाते में इस निर्माण के लिए लगभग चार लाख रुपये उपलब्ध हैं, पर भूमि विवाद के कारण राशि खर्च नहीं की जा सकी और निर्माण अधूरा पड़ा है।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को सरगांव के नायब तहसीलदार लीलाधर क्षत्री, हल्का पटवारी रामकुमार श्याम व राजस्व विभाग की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित पक्षों से जानकारी ली और राजस्व अभिलेखों की जाँच की प्रक्रिया शुरू कर दी।

नायब तहसीलदार लीलाधर क्षत्री ने बताया कि अभिलेखों की तह तक जांच कर के आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी ताकि कथित कब्जा हटाकर अहाता व शौचालय का निर्माण शीघ्र पूरा कराया जा सके। उन्होंने ग्रामस्थों और अभिभावकों को आश्वासन दिया कि बच्चों की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मामला तेज़ी से सुलझाया जाएगा।

ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि शीघ्र समयबद्ध कार्रवायी का कदम उठाकर लंबे समय से लटक रहे निर्माण कार्य का स्थायी समाधान किया जाए और बच्चों के शैक्षणिक व सुरक्षा वातावरण को दुरुस्त किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *