किसानों को महंगा खाद बेचने वाले पर की गई कार्रवाई

उर्वरक विक्रय पर रोक के साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी

मुंगेली, 17 जून 2026//   खरीफ सीजन 2026 के दौरान किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले खाद एवं बीज उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग द्वारा जिलेभर में सघन निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार गठित विशेष निरीक्षण दल द्वारा नगर पंचायत पथरिया स्थित एक कृषि केंद्र पर छापामार कार्रवाई की गई। उप संचालक कृषि श्रीमती वीणा ठाकुर ने बताया कि विशेष जिला एवं विकासखंड स्तरीय निरीक्षण दल द्वारा मेसर्स संजय कृषि केन्द्र, पथरिया का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपस्थित किसानों से चर्चा करने पर यह पाया गया कि कृषकों को उर्वरक के साथ अन्य सामग्री जबरन लदान स्वरूप दी जा रही थी तथा उर्वरकों का विक्रय निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर किया जा रहा था।

जांच में कृषि केंद्र के गोदाम में 40 टन यूरिया सहित एनपीके, सिंगल सुपर फॉस्फेट और अन्य उर्वरक एवं ऑर्गेनिक खाद का भंडारण पाया गया। निरीक्षण में उर्वरक वितरण प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं प्राप्त की गई। जिस पर उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों के उल्लंघन पर संबंधित कृषि केंद्र के उर्वरक विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष निरीक्षण दल में जिला उर्वरक निरीक्षक श्री मनहरण कुर्रे, प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री एल.के. कोशले, उर्वरक निरीक्षक एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *